अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार, सिविल लाइन पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बिना नंबर की जुपीटर स्कूटी से घूम रहा था आरोपी, घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
देशी पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस और स्कूटी जब्त, हथियारों के नेटवर्क की जांच शुरू
देवास। शहर में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को अवैध देशी पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी बिना नंबर की सफेद रंग की जुपीटर स्कूटी से शहर में घूम रहा था, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और बिना नंबर की स्कूटी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में शहर में अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सोलंकी के नेतृत्व में विशेष टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार भ्रमण और आसूचना संकलन किया जा रहा था।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कमला नगर कॉलोनी बायपास रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर की सफेद जुपीटर स्कूटी से घूम रहा है और उसके पास अवैध हथियार मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। यह भी पढ़ें: फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत देने वाले को सिविल लाइन पुलिस ने किया गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रईस पिता बाबू शाह उम्र 42 वर्ष निवासी विक्रम नगर इटावा बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी द्वारा इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की जुपीटर स्कूटी भी जब्त कर ली। यह भी पढ़ें: अवैध पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन देवास में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपी से अवैध हथियारों के स्रोत और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह भी देखें: पुलिस को गुमराह कर लूट की झूठी सूचना देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सोलंकी, सउनि राकेश तिवारी, आरक्षक मातादीन, अंतर सिंह परमार, भरत मिलन यादव एवं जितेंद्र सिसौदिया की सराहनीय भूमिका रही।




