धर्म-अध्यात्म

बेहरी में महिलाओं ने निकाली पंचकोशी यात्रा, ग्यारस की परंपरा निभाई

Share

 

43 डिग्री तापमान में भी महिलाओं का उत्साह अटूट, गांवभर में हुई पूजा-अर्चना और महाआरती

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। गांव में बुधवार को महिलाओं ने श्रद्धा के साथ पंचकोशी यात्रा निकाली। खेड़ापति हनुमान मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा की खास बात यह रही कि गांव में सालों से श्रद्धालु महिलाएं एकादशी के दिन पंचकोशी यात्रा निकालती आ रही हैं। इस बार भी उसी परंपरा को निभाते हुए महिलाएं सुबह 10 बजे कलश लेकर निकलीं।

महिला मंडल की ललिता बाई पाटीदार रामकन्या बाई पटेल की गीता पटेल और जसोदा बाई के नेतृत्व में 50 से अधिक महिलाएं यात्रा में शामिल हुईं। गांव के वरिष्ठ कुवर पाटीदार व शोभाराम जमादार ने व्यवस्था में महिलाओं का सहयोग किया।

कंकड़-कंकड़ में पूजा-
यात्रा के दौरान महिलाओं ने गांव के आसपास कंकड़-कंकड़ में बसे सभी देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की। खेड़ापति हनुमान मंदिर से शुरू होकर बगोई माता मंदिर, भोमिया जी मंदिर, शिव मंदिर, राम जानकी मंदिर और भैरव स्थान होते हुए यात्रा वापस मंदिर पर संपन्न हुई।

ललिताबाई पाटीदार ने बताया, कई वर्ष से एकादशी पर पंचकोशी यात्रा निकलती है। मान्यता है कि इस दिन गांव की परिक्रमा करने से सुख-शांति आती है और बारिश अच्छी होती है। 43 डिग्री तापमान में भी महिलाएं इस परंपरा को नहीं छोड़तीं।

गांव में नजर आया उत्साह-
जसोदा बाई ने कहा, हर कंकड़ में भगवान हैं, इसलिए हम रास्ते के हर छोटे-बड़े देव स्थान पर शीश नवाते हैं। ललित और सुगन भाई के नेतृत्व में युवाओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा और शीतल जल की व्यवस्था की।

यात्रा का समापन शाम 5 बजे खेड़ापति हनुमान मंदिर पर महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Back to top button