स्वास्थ्य

भीषण गर्मी बच्चों के लिए खतरनाक, लापरवाही पड़ सकती है भारी: डॉ. शाहनाज खान

Share

 

अमलतास सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के विशेषज्ञ डॉ. खान ने भीषण गर्मी में बच्चों के लिए बताई आवश्यक सावधानियां

देवास। जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तापमान के 40 डिग्री के पार पहुंचने से बच्चों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं तेजी से सामने आ रही हैं। इसे भी पढ़ें: कई शहरों में 42°C के पार पहुंचा तापमान, लू और तेज धूप से बेहाल लोग

इस संबंध में अमलतास सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. शाहनाज खान ने विशेष चर्चा में अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

डॉ. खान ने बताया कि आमतौर पर बच्चों का बाहर खेलना उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अच्छा माना जाता है, लेकिन भीषण गर्मी में लंबे समय तक धूप में रहना खतरनाक साबित हो सकता है। खासकर जब तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाए तो बच्चों में कई स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होने लगती हैं। संबंधित खबर: लू से बचने के देसी नुस्खे: नानी-दादी वाले उपाय, क्या खाएं-पिएं और क्या नहीं

उन्होंने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण बच्चों में पानी और नमक की कमी, हाथ-पैरों में दर्द, अत्यधिक थकान, सुस्ती और चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर स्थिति में हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ जाता है, जिसमें बच्चे का पसीना निकलना बंद हो जाता है, मानसिक संतुलन बिगड़ सकता है, बेहोशी या दौरे तक आ सकते हैं।

डॉ. शाहनाज खान के अनुसार सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक बच्चों को घर से बाहर निकलने से बचाना चाहिए। इस दौरान बच्चों को घर के अंदर रचनात्मक गतिविधियों और खेलों में व्यस्त रखना बेहतर विकल्प है। साथ ही घर के हवादार कमरे में रहने और दिनभर पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है।

उन्होंने कहा कि बच्चों को हल्के रंग के सूती और ढीले कपड़े पहनाना चाहिए। भोजन में सादा और संतुलित आहार देना जरूरी है। घर से बाहर जाने से पहले और लौटने के बाद बच्चों को नींबू पानी, शिकंजी, छाछ, ओआरएस और इलेक्ट्रॉल जैसे पेय पदार्थ देना फायदेमंद रहता है। जिन परिवारों के लिए संभव हो, वे कूलर या एयर कंडीशनर का उपयोग कर बच्चों को गर्मी से राहत दे सकते हैं। 

उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बच्चों को भीषण गर्मी से होने वाली गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रख सकती है। 

बाल सफेद होने व झड़ने के पीछे छिपे कारण, जो लोग नहीं जानते

अमलतास के न्यूरोसर्जन की सलाह: सड़क पर निकलें तो हेलमेट को कभी नजरअंदाज न करें

Back to top button