तेन्दूपत्ता संग्रहण की राशि नहीं देने पर बेटे ने की मां से मारपीट; सिर में गंभीर चोट लगने से हुई मौत

उदयनगर (बाबू हनवाल)। थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर पांडुतालाब गांव में रिश्तों को कलंकित कर देने वाली घटना सामने आई है। तेन्दूपत्ता संग्रहण की राशि को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपनी ही मां के साथ बेरहमी से मारपीट की।
मारपीट से महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला ने खाते में आई राशि बेटे को देने से इनकार कर दिया था, जिससे नाराज होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम नरसिंहपुर पांडुतालाब में एक बेटे द्वारा अपनी मां की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेन्दूपत्ता संग्रहण का भुगतान शासन की योजना के तहत महिला के बैंक खाते में आया था। इसी राशि को लेकर परिवार में विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। पुलिस के अनुसार सावित्री बाई पति चिमना (50) निवासी नरसिंहपुर पांडुतालाब के बड़े बेटे सुनील का तेन्दूपत्ता भुगतान की राशि को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रात के समय सुनील ने अपनी मां के साथ मारपीट की और लात-घूंसों से हमला कर उसे जमीन पर पटक दिया। गिरने से महिला के सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
बताया जाता है कि घटना रात में हुई, लेकिन घायल महिला का तत्काल उपचार नहीं कराया गया। परिवार के सदस्य रातभर घर में ही रहे। सुबह जब परिजनों ने देखा तो सावित्री बाई की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर उदयनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह सोलंकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल उदयनगर भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेन्दूपत्ता भुगतान की राशि को लेकर हुए विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस आरोपित बेटे से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।




