शासकीय उमावि शिप्रा में हर्षोल्लास के साथ मनाया ‘प्रवेशोत्सव’

देवास। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्षिप्रा में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर गरिमामय ‘प्रवेशोत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में नए प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करना और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना था।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय सरपंच विश्वास उपाध्याय एवं संस्था के प्राचार्य राजीव सूर्यवंशी, नीलिमा शाह, राजश्री चिंचोलीकर, प्रदीप भाटी, रमाशंकर सोनी, अरुण मिश्रा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन कर किया गया।इसके पश्चात विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक कमल दीप बैरागी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को संबोधित किया। उन्होंने जीवन में ‘प्रवेश उत्सव’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने का एक महापर्व है।
बैरागी ने विद्यालय की विभिन्न खूबियों, डिजिटल लैब, योग्य शिक्षक दल और खेल सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने शासन द्वारा विद्यार्थियों के हित में चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं व सुविधाओं जैसे नि:शुल्क गणवेश, छात्रवृत्ति और अन्य प्रोत्साहन राशियों के बारे में बताते हुए पालकों को जागरूक किया।
नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत भारतीय परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर किया गया। इस दौरान शासन की योजना के तहत विद्यालय की ओर से नव-प्रवेशी विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। नई किताबें पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ देखी जा सकती थी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सरपंच विश्वास उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही जीवन के विकास का मुख्य आधार है। आज शासकीय स्कूलों में बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। उन्होंने ग्राम पंचायत की ओर से विद्यालय के विकास में प्रयोगशाला, बाउंड्री वॉल तथा अन्य सुविधा तथा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
विद्यालय के प्राचार्य राजीव सूर्यवंशी ने सभी नए छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को नियमित स्कूल आने और अनुशासन के साथ पढ़ाई कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करने की सीख दी।
इस अवसर पर शिक्षक बाबूलाल पटेल, रेणुका राठौर, रेखा सिंह, राजकुमार पटेल, अर्जुन सिंह बैस, कासम खान, साबिर शेख, रितेश कौशल, जितेन्द्र मालवीय, जावेद खान, प्रवीण आशापूरे, दीपक परिहार उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक कृष्णकांत शर्मा ने किया तथा आभार राजेश बराना प्रजापति ग्रामीण युवा केंद्र खेल प्रभारी ने माना।




