भोपाल नई कार लेने निकला परिवार हादसे का शिकार, दो की मौत

सोनकच्छ के पास स्कार्पियो पलटी, खुशियों का सफर मातम में बदला; 10 घायल
सोनकच्छ (सौरभ पुरोहित)। नई कार खरीदने की खुशी लेकर भोपाल जा रहा एक परिवार बुधवार को ऐसे हादसे का शिकार हुआ कि पूरे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
इंदौर-भोपाल फोरलेन पर जावर थाना अंतर्गत ग्राम सेमलीबारी के पास स्कार्पियो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दर्दनाक दुर्घटना में बुआ और भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित 10 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार अग्रवाल परिवार सेंधवा से भोपाल नई कार खरीदने के लिए जा रहा था, इसी दौरान हादसा हो गया। गर्ग और अग्रवाल परिवार के 12 सदस्य स्कार्पियो वाहन से भोपाल नई कार खरीदने के लिए रवाना हुए थे। परिवार में उत्साह का माहौल था, क्योंकि जिस कार को खरीदने की तैयारी थी वह भोपाल में उपलब्ध थी। लेकिन रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्राम सेमलीबारी के पास अचानक स्कार्पियो वाहन का चालक नियंत्रण खो बैठा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद के लिए दौड़ लगाई। बड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को सोनकच्छ अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को इंदौर रेफर कर दिया गया।

दुर्घटना में इंदौर निवासी 38 वर्षीय मयूरेश पिता संतोष गर्ग और उनकी बुआ 51 वर्षीय संगीता पति सुनील अग्रवाल, निवासी सेंधवा, की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सुनील अग्रवाल, शर्मिला पति स्वप्निल गर्ग, कनव गर्ग, सुरभि पति मयूरेश गर्ग, पलक अग्रवाल, रिमि अग्रवाल, प्रखर अग्रवाल, स्वप्निल गर्ग, दूरविक गर्ग, सुरभि गर्ग घायल हुए।
मृतक मयूरेश भाजपा से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि मृतक मयूरेश गर्ग भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय भी सोनकच्छ अस्पताल पहुंचे।




