देवासशिक्षा

राष्ट्रीय एकता शिविर में देवास के दो विद्यार्थी करेंगे मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व

Share

हरियाणा के फतेहाबाद में 16 से 22 अक्टूबर तक होगा आयोजन, माला पहनाकर शुभकामनाओं के साथ किया रवाना

देवास। राष्ट्रीय सेवा योजना के राष्ट्रीय एकता शिविर में शामिल होने के लिए श्री नारायण विद्या मंदिर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के दो विद्यार्थी हरियाणा रवाना हुए।

शिविर में विद्यार्थियों को दूसरे राज्यों के युवाओं के साथ संवाद करने, राष्ट्रीय एकता को समझने और अपने व्यक्तित्व विकास का अवसर मिलेगा।

विद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी मिर्जा मुशाहिद बैग ने बताया कि भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा हरियाणा के बट्टू मंडी, फतेहाबाद में 16 से 22 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय एकता शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन की ओर से मध्यप्रदेश दल में चार विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इनमें श्री नारायण विद्या मंदिर क्रमांक-1 के सावन चौहान और विनीत डांगी तथा उत्कृष्ट विद्यालय, उज्जैन के बंटी सोलंकी और ईशान राठौर शामिल हैं।

हरियाणा रवाना होने से पहले सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शेखर मैदमवार, विद्यालय के प्राचार्य केके मिश्रा और कार्यक्रम अधिकारी मिर्जा मुशाहिद बैग ने चारों विद्यार्थियों का माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके बाद विद्यार्थियों को ट्रेन से शिविर के लिए रवाना किया गया।

डॉ. शेखर मैदमवार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता शिविर में भाग लेना गर्व और उपलब्धि की बात है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास के साथ राष्ट्रहित में योगदान देने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन और मेहनत के साथ शिविर में भाग लेने तथा अपनी संस्था, विश्वविद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि शिविर से लौटने के बाद विद्यार्थी अपने अनुभवों के माध्यम से संस्था में राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों को नई दिशा देने में भी योगदान करेंगे।

Back to top button