हवन-यज्ञ, कन्या भोज और भंडारों के साथ नवरात्रि महोत्सव संपन्न, देर रात तक गूंजे माता के जयकारे

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना, गरबों और धार्मिक अनुष्ठानों से बेहरी क्षेत्र भक्तिमय रहा। सोमवार को महानवमी पर हवन-यज्ञ, कन्या पूजन, कन्या भोज और भंडारों के साथ नवरात्रि महोत्सव का समापन हुआ।
अस्थायी नवदुर्गा उत्सव पंडालों से लेकर प्राचीन देवी मंदिरों तक श्रद्धालुओं की आस्था का उत्साह दिखाई दिया। कहीं यज्ञ की पूर्णाहुति हुई, तो कहीं भंडारों में भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की।
वहीं, मनकामेश्वर भोमिया जी, धाराजी, जटाशंकर तीर्थ पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। बेहरी में मां कात्यायनी मंदिर में देर रात तक धार्मिक यज्ञ अनुष्ठानों का सिलसिला जारी रहा।
क्षेत्र के चैनपुरा, रामपुरा, गुवाड़ी, चौपाल, रेणुका, कालिका माता मंदिर व अन्य देवी मंदिरों में नौ दिवसीय नवरात्रि महोत्सव का समापन हवन-यज्ञ की पूर्णाहुति और कन्या भोज के साथ भंडारों के आयोजन से हुआ, जिनमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। नौ दिनों तक मंदिरों में नियमित पूजन-अर्चन, हवन-यज्ञ और अन्य धार्मिक गतिविधियां चलती रहीं। अस्थायी नवदुर्गा उत्सव पंडालों में प्रतिदिन माता की पूजा के साथ गरबों का आयोजन हुआ, इससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।
नवरात्रि के अंतिम दिन मनकामेश्वर भोमिया जी, धाराजी, जटाशंकर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के जवारे सवारी लेकर विसर्जन करने पहुंचे।
मां कात्यायनी मंदिर के दरबार में आस्था का ऐसा अद्भुत रंग जमा कि हर कोई माता की भक्ति में सराबोर नजर आया। समाजसेवी पूर्व जनपद सदस्य नाथूसिंह सेठ, पूर्व सरपंच रामचंद्र दांगी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में माता को भोग लगाकर श्रद्धालुओं में हलवे की प्रसाद वितरण की अलसुबह से ही भक्तों का तांता लग गया। सुबह 10 बजे शुरू हुआ यज्ञ, अभिषेक, महाप्रसादी का सिलसिला देर रात तक अनवरत जारी रहा। दूर-दूर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।
नवमी पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना –
नौ दिनों से निरंतर चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर परिसर में क्षेत्र और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की गई। इस दौरान मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा।
उमड़ी भारी भीड़, भक्तों में दिखा उत्साह-
नवमी पर मां के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। भक्तों ने इस भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए समिति और पूरी टीम की जमकर सराहना की।




