राज्यशिक्षा

देवास जिले के 150 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी स्कूटी

12वीं में स्कूल में प्रथम आने वाले विद्यार्थियों का चयन, ई-स्कूटी के लिए 1.20 लाख और पेट्रोल स्कूटी के लिए 90 हजार रुपए मिलेंगे

Share

 

देवास। सरकारी स्कूलों में कक्षा 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का लाभ मिलेगा।

योजना के तहत देवास जिले के 150 विद्यार्थियों को स्कूटी खरीदने के लिए राशि दी जाएगी। इनमें 80 छात्राएं और 70 छात्र शामिल हैं। खास बात यह है कि इस बार विद्यार्थियों में पेट्रोल स्कूटी की अपेक्षा ई-स्कूटी को लेकर अधिक रुचि दिखाई दे रही है।

योजना के तहत ई-स्कूटी खरीदने वाले विद्यार्थियों को 1 लाख 20 हजार रुपए, जबकि पेट्रोल स्कूटी के लिए 90 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। विद्यार्थी अपनी पसंद के अनुसार स्कूटी का विकल्प चुन सकेंगे।

89 शासकीय स्कूलों में प्रथम आने वाले विद्यार्थियों का चयन-
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के लिए जिले के 89 शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया है। योजना में शासकीय स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्कूटी के लिए राशि प्रदान की जाती है। प्रत्येक स्कूल से सर्वाधिक अंक लाने वाले एक छात्र-छात्रा का चयन हुआ है।

योजना के लिए कक्षा 12वीं में पहले प्रयास में न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करना और संबंधित स्कूल में प्रथम स्थान हासिल करना प्रमुख पात्रता है। इसके आधार पर जिले के पात्र विद्यार्थियों को योजना में शामिल किया गया है।

पेट्रोल की जगह ई-स्कूटी को प्राथमिकता-
इस बार विद्यार्थियों की पसंद में बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले वर्ष तक पेट्रोल स्कूटी को लेकर अधिक रुचि थी, लेकिन इस बार बड़ी संख्या में विद्यार्थी ई-स्कूटी लेना पसंद कर रहे हैं। पेट्रोल के लगातार बढ़ते खर्च को देखते हुए विद्यार्थी इलेक्ट्रिक वाहन को उपयोगी विकल्प मान रहे हैं। ई-स्कूटी 111 विद्यार्थियों की पसंद है और पेट्रोल स्कूटी 39 विद्यार्थियों की पसंद है।

ई-स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों को स्कूल के बाद कॉलेज की पढ़ाई के लिए आने-जाने में भी सुविधा होगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए निजी वाहन की सुविधा मिलने से आवागमन आसान हो सकता है।

1 करोड़ 68 लाख 30 हजार रुपए खर्च होंगे-
योजना के तहत देवास जिले में विद्यार्थियों को स्कूटी के लिए कुल 1 करोड़ 68 लाख 30 हजार रुपए की राशि खर्च होगी। इसमें ई-स्कूटी के लिए 1 करोड़ 33 लाख 20 हजार रुपए तथा पेट्रोल स्कूटी के लिए 35 लाख 10 हजार रुपए की राशि शामिल है।

योजना का लाभ मिलने के बाद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए स्कूल से कॉलेज की ओर बढ़ते समय आने-जाने के साधन की सुविधा भी मिल सकेगी। इससे उन विद्यार्थियों को विशेष मदद मिलेगी, जिन्हें आगे की पढ़ाई के लिए अपने गांव या घर से दूसरे स्थान पर जाना पड़ता है।

मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन-
जिला शिक्षा अधिकारी राजीव सूर्यवंशी ने बताया कि मुख्यमंत्री स्कूटी योजना से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत के आधार पर उन्हें मिलने वाली यह सुविधा उनके लिए उत्साह बढ़ाने वाली है।

उन्होंने बताया कि इस बार विद्यार्थियों का रुझान ई-स्कूटी की ओर अधिक देखने को मिला है। स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के दौरान आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी शैक्षणिक यात्रा भी आसान होगी।

Back to top button