खाद्य सुरक्षा दल लगातार औचक निरीक्षण और जांच कार्रवाई करें- कलेक्टर श्री सिंह

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित
देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन और समीक्षा के उद्देश्य से जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित गई।
बैठक में अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर विशाखा देशमुख, संयुक्त कलेक्टर प्रिया चंद्रावत सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में मिलावटखोरी और अस्वच्छ खान-पान पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए विभागीय अधिकारियों को निरंतर जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने खाद्य सुरक्षा दल लगातार औचक निरीक्षण और जांच कार्यवाहियां के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में खाद्य लाइसेंस के निर्धारित नियमों और शर्तों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने स्कूल, कॉलेज, हॉस्पिटल, स्थानीय बाजार, औद्योगिक क्षेत्र और सभी नगर पालिक परिषदों के अंतर्गत आने वाली चौपाटियों पर जाकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की सघन जांच के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं स्कूलों का दौरा करें। बच्चों को सुरक्षित, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन के चयन के संबंध में जानकारी दे दैनिक आहार में ‘क्या खाना चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए’, इसकी जानकारी दें। जंक फूड या स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य सामग्रियों के दुष्प्रभावों के प्रति बच्चों को सचेत करें।
बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेन्द्र ठाकुर द्वारा जिले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत की गई कार्यवाहियों की जानकारी दी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री ठाकुर ने बताया कि विगत वर्ष में जांच कार्यवाही कर 39 प्रकरण बनाकर वैधानिक कार्यवाही की गई। इस वित्तीय वर्ष में अब तक कार्यवाही कर कुल 6 प्रकरण बनाए गए हैं।




