भागवत कथा सुनने से मिलता है मोक्ष का द्वार : पंडित संतोष शर्मा
उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भजनों पर झूमीं महिलाएं; महाआरती के बाद हुआ महाप्रसाद वितरण

भौंरासा। पितृपक्ष के 16 श्राद्ध के दौरान लोग अपने पितरों की शांति और सद्गति के लिए श्रद्धा के साथ पूजन-पाठ, ब्राह्मण भोज और श्राद्ध कर्म कर रहे हैं।
इसी धार्मिक भावभूमि के बीच नगर के यादव मोहल्ला स्थित शीतला माता मंदिर गोये में सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जा रहा है।
कथा के छठे दिन पंडाल में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पहुंचे। पूरा वातावरण भक्ति और भजनों से सराबोर नजर आया। कथावाचक पंडित संतोष शर्मा ने श्रीमद् भागवत महापुराण की कथा का रसपान कराते हुए कहा कि भागवत ऐसी पवित्र कथा है, जिसके श्रवण मात्र से मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक चेतना आती है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा इंसान को मोक्ष के मार्ग की ओर ले जाती है और जीवन को सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
कथा के दौरान पंडाल में श्रद्धालु एकाग्र होकर कथा श्रवण करते नजर आए। वहीं छठे दिन श्रीमद् भागवत महापुराण की महाआरती का आयोजन भी हुआ। इसमें पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, पार्षद भादर सिंह भाटिया, प्रेस क्लब अध्यक्ष मनोज शुक्ला, पत्रकार अभय देव नागर, रमेश ठाकुर, रमेश चंद गुर्जर सरसोदा, दिलराज सिंह पटेल, कालू सिंह गुर्जर सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। सभी ने सामूहिक रूप से भागवत महापुराण की आरती उतारकर भगवान का आशीर्वाद लिया।
महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। कथा के दौरान गायक संतोष राठौर ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। उनके भजनों पर महिलाएं भक्ति में झूमती और नृत्य करती नजर आईं। पूरे पंडाल में देर तक भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।




