अतिक्रमण से संकरी हुई प्रधानमंत्री सड़क, राहगीरों को बना रहता है दुर्घटना का खतरा
बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी बेहरी फाटे से धावड़िया तक की 9 किमी सड़क अब पेड़ों, झाड़ियों और अतिक्रमण के कारण संकरी हो गई है। इस कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
बुधवार रात्रि को बेहरी निवासी गणेश पिता आत्माराम बागवान झाड़ियों के कारण सामने से आ रही मोटरसाइकिल नहीं देख पाए। दोनों वाहन आपस में टकरा गए। राहगीरों की मदद से उन्हें बागली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अधिक रक्तस्राव के कारण इंदौर रेफर कर दिया। वहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
उल्लेखनीय है कि सड़क निर्माण के समय दोनों ओर नाली खोदकर सीमा निर्धारित की गई थी। लेकिन अब कुछ किसानों ने नाली पार कर सड़क तक कांटेदार बाड़ लगा दी है। कहीं-कहीं रहवासियों ने सड़क किनारे मकान भी बना लिए हैं। भोमियाजी मंदिर के बाद तो सड़क के दोनों ओर झाड़ियां और पेड़ पूरी तरह उग आए हैं।
इस सड़क से 20 से अधिक गांवों के लोग आते-जाते हैं। बड़ी संख्या में किसान इसी रास्ते से अपनी उपज मंडी ले जाते हैं। स्कूल जाने वाले सैकड़ों बच्चे, दूध लेकर जाने वाले और भोमियाजी मंदिर के दर्शनार्थी भी इसी मार्ग से गुजरते हैं।
रात के समय दूर से अतिक्रमण नजर नहीं आता। पिछले 2 महीने में ही आधा दर्जन बाइक सवार टकरा चुके हैं। सामने से आने वाले बड़े वाहन को साइड देने में परेशानी होती है। पिछले 2 वर्षों में 4 युवाओं की मौत हो चुकी है। बेहरी और धावड़िया के सरपंच ने भी पत्र लिखकर सीमांकन कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
मामले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग के सहायक प्रबंधक संतोष मंसारे का कहना है कि यह बात सही है कि इस मार्ग पर झाड़ी एवं पेड़-पौधे की समस्या है। कुछ किसान नाली पार कर सड़क के किनारे तक आ गए हैं। शीघ्र ही पटवारी एवं तहसीलदार की मदद से सीमांकन करवाएंगे। रहवासियों व किसानों को समझाइश दी जाएगी। नहीं मानने पर कार्रवाई की जाएगी।




