क्राइम

करंट से जंगली सूअर की मौत, मांस काटकर ले जा रहे थे शिकारी; 6 किलो मांस समेत 3 गिरफ्तार

Share

 

पुंजापुरा (बाबू हनवाल)। बिजली के करंट की चपेट में एक जंगली सूअर की मौत हो गई। आरोप है कि इसके बाद तीन लोगों ने उसके शव को काटकर मांस निकाल लिया और करीब 5 से 6 किलो मांस लेकर एक आरोपी बाइक से जा रहा था।

मुखबिर की सूचना पर वन विभाग ने नाकाबंदी कर बाइक सवार को पकड़ा। पूछताछ के बाद दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। वन विभाग की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से करीब 6 किलो जंगली सूअर का मांस, मोटरसाइकिल, दराता, कुल्हाड़ी, बिजली का तार और लकड़ी के खूंटे बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

नाकाबंदी देख भागने लगा बाइक सवार, पीछा कर पकड़ा-
वन विभाग के अनुसार 19 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पीले रंग के प्लास्टिक कट्टे में वन्यप्राणी का मांस लेकर बारियापुरा से उदयनगर की ओर जा रहा है। सूचना के बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी सत्येंद्र सिंह ठाकुर ने परिक्षेत्र सहायक वृत्त चंदुपुरा, किशनगढ़ और बीटगार्ड बोरपड़ाव के अमले को अलर्ट किया। वन अमले ने किशनगढ़-उदयनगर मार्ग पर रामपुरा के पास नाकाबंदी की।

इसी दौरान पुंजापुरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही काले रंग की मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया। आरोप है कि चालक रुकने के बजाय बाइक लेकर भागने लगा। वनकर्मियों ने पीछा कर रामपुरा के बाहर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में बाइक पर बंधे कट्टे से करीब 5 से 6 किलो ताजा जंगली सूअर का मांस बरामद हुआ।

पूछताछ में दो साथियों के नाम सामने आए-
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम श्रीराम पिता बोदर, निवासी बारियापुरा (बोरपड़ाव) के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आए दो अन्य आरोपियों मदन पिता रामसिंह और रणछोड़ पिता कालूसिंह को भी वन विभाग की टीम ने ग्राम बारियापुरा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कथन के मुताबिक करंट की चपेट में आने से जंगली सूअर की मौत हुई, जिसके बाद उसके शव के टुकड़े कर मांस निकाल लिया गया।

6 किलो मांस समेत शिकार में इस्तेमाल सामान जब्त-
वन विभाग ने कार्रवाई के दौरान करीब 6 किलो मांस के साथ दराता, कुल्हाड़ी, मोटरसाइकिल, बिजली का तार और लकड़ी के खूंटे जब्त किए हैं। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है।

अवशेष जांच के लिए भेजे जाएंगे-
पशु चिकित्सक डॉ. शर्मा के अनुसार जंगली सूअर का पोस्टमार्टम किया गया है। उसके अवशेषों को जांच के लिए जबलपुर भेजा जाएगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जंगली सूअर नर था और उसकी उम्र करीब तीन वर्ष बताई गई है। हालांकि इसकी वास्तविक स्थिति मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी।

इनकी रही अहम भूमिका- कार्रवाई में वनपाल नंदकिशोर सालित्रा, मूलचंद भार्गव, वनरक्षक गिरधारीलाल राठौर, सुखलाल मंडलोई, विक्रम माली, हेमंत बडोनिया, निधि लोवंशी, उदयनगर परिक्षेत्र के वनपाल सत्यनारायण निनामा एवं संतोष मंडलोई सहित वन अमले की सराहनीय भूमिका रही।

Back to top button