खेत-खलियान

नदी में पानी रोको अभियान से क्षेत्र में जल संरक्षण को मिली मजबूती

बेहरी क्षेत्र में बोरी बांध निर्माण से नदी में 5 हजार घन मीटर (50 लाख लीटर) से अधिक जल संग्रहण

Share

बेहरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के संकल्प को साकार करने की दिशा में पंचायतों में निरंतर जल संरचनाओं का निर्माण एवं संरक्षण किया जा रहा है। इसी प्रयास का सुखद परिणाम बेहरी क्षेत्र में देखने को मिल रहा है, जहां जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नदी-नालों में चलाए गए पानी रोको अभियान से जलाशय लबालब भरे हुए हैं।

ग्राम के समीप नदी में 5 हजार घन मीटर से अधिक जल संग्रहण क्षमता है। बारिश की बूंद-बूंद को सहेजकर भरे इस पानी ने ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी ला दी है। ग्रामीणों के लिए यह केवल जल संग्रहण की संरचना नहीं, बल्कि जल सुरक्षा, पशुपालन, आजीविका और आने वाले बेहतर कल की उम्मीद बनकर उभरा है। जल संरक्षण से भूजल संवर्धन तक- नदी में संग्रहित वर्षा जल के परकोलेशन से आसपास के भूजल स्तर को बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र में सतही एवं भूजल की उपलब्धता मजबूत होगी। नदी के आसपास बनी नमी से स्थानीय जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। नदी से ग्रामीणों के साथ-साथ पशुपालकों को भी लाभ मिलेगा। इसके आसपास विकसित हो रहे प्राकृतिक चारागाह से पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता बढ़ने की संभावना है, जिससे पशुपालन को प्रोत्साहन और ग्रामीण परिवारों की आय के अतिरिक्त साधन विकसित होंगे।

कलेक्टर के निर्देशन में सुदृढ़ीकरण पर जोर- कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं जनपद पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बेहरी क्षेत्र में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए इस वर्ष बागली जनपद की बेहरी, धावड़िया, चारबर्डी, गुवाड़ी, सेवनिया, अंबापानी आदि पंचायतों में बोरी बांध का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। नदी में एक किलोमीटर से अधिक की जलग्रहण क्षमता के साथ 5 हजार घन मीटर से अधिक जल संग्रहण हुआ है।

किसान व ग्रामीण हरीश उपाध्याय, सेवानिवृत्त फौजी जय गोस्वामी, केदार पाटीदार, पूर्व सरपंच रामचंद्र दांगी, डॉ. संतोष चौधरी, महेंद्र दांगी, बहादुर सिंह आमड़ावदिया, देवकरण पिंडोरिया, राजेंद्र पाटीदार आदि किसानों ने बताया कि नदी में पानी रोकना खुशी की बात है। इससे जल संकट से कुछ दिनों के लिए निजात मिलेगी, पर यहां भरे पानी की चोरी न हो, इसके लिए पंचायत निगरानी अवश्य करे और चोरी करने वालों पर उचित कार्रवाई करे।

Back to top button