आंधी में क्षतिग्रस्त हुई बिजली लाइन, 15 दिन से बंद कृषि बिजली आपूर्ति; टूटे तारों में से 400 फीट केबल चोरी

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। करीब 15 दिन पहले आए आंधी-तूफान में चमेली क्षेत्र की बिजली लाइन पर खजूर का पेड़ गिरने से कृषि बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
किसानों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद बिजली वितरण कंपनी द्वारा समय पर लाइन की मरम्मत नहीं कराई गई। इस बीच दो बिजली पोलों के बीच लगे करीब 400 फीट बिजली के तार चोरी हो जाने से किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।
किसान रामचंद्र बागवान ने बताया कि आंधी के दौरान खजूर का पेड़ बिजली लाइन पर गिर गया था, जिससे तार टूट गए। घटना के दिन ही उन्होंने बिजली वितरण कंपनी को लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद भी कई बार लाइनमैन और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन 15 दिन तक लाइन की मरम्मत नहीं की गई। उनका कहना है कि टूटे तार लंबे समय तक खुले पड़े रहने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर करीब 400 फीट केबल काटकर ले गए।
बिजली आपूर्ति बंद होने से क्षेत्र के ट्यूबवेल बंद पड़े हैं। इससे पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करने और सब्जी की फसलों की सिंचाई में किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान रामचंद्र बागवान ने बताया कि धनिया, गिलकी सहित अन्य सब्जियों की फसल समय पर सिंचाई नहीं मिलने से खराब होने लगी है। यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मामले में बिजली वितरण कंपनी के सहायक अभियंता (एई) रंजीत पाल ने बताया कि वे वर्तमान में मुख्यालय से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि लौटने के बाद किसानों की समस्या का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित लाइनमैन अवकाश पर है और उसके लौटने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि क्षतिग्रस्त लाइन की समय रहते मरम्मत कर दी जाती तो बिजली के तार चोरी होने जैसी घटना नहीं होती। किसानों ने बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल करने, चोरी हुए तारों की भरपाई करने तथा पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।




