शराब के नशे में डंडे से पीटकर पत्नी की ले ली जान
बरोठा के जलोदिया गांव की घटना, सुबह पत्नी के नहीं उठने पर ग्रामीणों को दी सूचना

बरोठा (अमर चौधरी)। बरोठा थाना क्षेत्र के ग्राम जलोदिया में रविवार रात घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी पर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह सो गया।
सोमवार सुबह पत्नी के नहीं उठने की बात कहकर ग्रामीणों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़े; दरिंदे पति ने ससुराल में पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की
बरोठा थाना प्रभारी सविता सिंह जाटव ने बताया कि ग्राम जलोदिया की तलाई के पास रहने वाले छोटेलाल का अपनी पत्नी सुनिताबाई से रविवार रात किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने लकड़ी के डंडे से पत्नी पर वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण सुनिताबाई ने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें; घरेलू विवाद में पत्नी की तवे से पीटकर हत्या, आरोपी पति फरार
घटना के बाद आरोपी घर से कहीं नहीं गया और सो गया। सोमवार सुबह उसने पत्नी को उठाने का प्रयास किया और जब कोई हलचल नहीं हुई तो आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही बरोठा पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें; जीजा के साथ मिलकर पत्नी ने की थी पति की हत्या
मासूम बेटे ने झगड़ा देखा, डरकर रिश्तेदार के घर चला गया-
पुलिस के मुताबिक, दंपती के चार बेटियां और दो बेटे हैं। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी और एक बेटा गुजरात में काम करते हैं। वारदात के समय घर में उनका आठ वर्षीय बेटा मौजूद था। पति-पत्नी के बीच बढ़ते विवाद को देखकर वह घबरा गया और अपनी मां के मुंहबोले भाई के घर जाकर सो गया। इसी दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया।
ये भी पढ़ें; घरेलू विवाद में पति ने तीर मारकर की पत्नी की हत्या
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।




