क्राइम

चंदाना का अवैध शराब विक्रेता गिरफ्तार, 9 अन्य आरोपी भी पकड़े

देवास पुलिस की कार्रवाई में 10 आरोपी गिरफ्तार, 54 लीटर देशी शराब, कार, 10 मोबाइल और 10 हजार नकद सहित 7.25 लाख का माल जब्त

Share

 

 

देवास। ग्राम चंदाना में दो व्यक्तियों की मौत के बाद सामने आए अवैध शराब बिक्री के मामले में देवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मर्ग जांच के दौरान गांव में अवैध शराब बिक्री की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। कार्रवाई के दौरान 54 लीटर देशी शराब, एक कार, 10 मोबाइल फोन और 10 हजार नकद सहित करीब 7.25 लाख का माल जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार 15 अक्टूबर एवं 18 अक्टूबर को ग्राम चंदाना में दो व्यक्तियों की मृत्यु होने की सूचना जिला चिकित्सालय देवास से प्राप्त होने पर थाना सिविल लाइन में मर्ग पंजीबद्ध किए गए थे। मर्ग जांच के दौरान मृतकों के परिजनों एवं अन्य व्यक्तियों के कथन लिए गए, जिन्होंने ग्राम चंदाना निवासी विनोद जायसवाल द्वारा गांव में अवैध तरीके से शराब बेचने की बात कही थी।

जानकारी के अनुसार, विनोद जायसवाल घटना के बाद से फरार था। 26 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि विनोद अपने साथियों के साथ कहीं जाने वाला है। सूचना पर पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान प्रताप नगर-अंबेडकर नगर क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान सफेद रंग की कार क्रमांक MP-09 CF-3645 को रोका गया।

पुलिस को देखकर कार सवारों ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम विनोद जायसवाल, अजय राठौर एवं रामेश्वर सोनगरा बताए। कार की तलाशी लेने पर डिक्की में 6 पेटी देशी शराब रखी मिली, जिसे जब्त कर थाना कोतवाली में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम 1915 का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

अवैध शराब के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने सत्येंद्र ओझा, नितिन सोलंकी, चंद्रशेखर बैरागी, राज, जुगल, राजेंद्र निनामा, विशाल चौहान के साथ मिलकर अवैध रूप से शराब बेचना बताया। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर कार्रवाई की तथा शराब के अवैध कारोबार से जुड़े 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में अग्रिम विवेचना की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी के नाम-
01. विनोद जायसवाल निवासी चंदाना
02. अजय उर्फ अज्जु राठौर उम्र 26 साल निवासी ग्राम पुवार्डादाई जिला इंदौर
03. नितिन सोलंकी (वाईन शॉप मैनेजर भाड़ापिपल्या) निवासी न्यू गौरी नगर जिला इंदौर
04. चन्द्रशेखर बैरागी (मैनेजर-वाइन शॉप क्षिप्रा)
05. सत्येंद्र ओझा (सेल्समैन वाइन शॉप अरबिंदो इंदौर) उम्र 38 साल निवासी वैभव लक्ष्मीनगर जिला इंदौर
06. राजदेव पटेल (सेल्समैन वाइन शॉप क्षिप्रा) उम्र 43 साल निवासी जौनपुर उत्तरप्रदेश
07. जुगलसिंह उम्र 44 साल
08. राजेंद्र निनामा उम्र 48 साल
09. विशाल चौहान निवासी इल्यासखेड़ी थाना पीपलरावां
10. रामेश्वर सोनगरा निवासी गदईशा पिपल्या

 

Back to top button