ग्राम पंचायत बांगरदा में आयोजित हुई उम्मीद संकुल संगठन की वार्षिक आमसभा
'लखपति दीदी' योजना के अनुभवों ने भरी नई ऊर्जा

देवास। मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत ग्राम पंचायत बांगरदा में ‘उम्मीद संकुल संगठन’ की वार्षिक साधारण आमसभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और वित्तीय साक्षरता से जुड़े कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद सरपंच कैलाश जी रहे। वहीं, विशेष अतिथि के रूप में सेंट्रल बैंक की निधि कथिरिया, मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के धर्मेंद्रसिंह राजपूत, कौशल विकास की जिला प्रबंधक रीना भगोरे और हैंड इन हैंड इंडिया के परियोजना समन्वयक महेंद्र गोस्वामी उपस्थित रहे।
वार्षिक कार्य-योजना और वित्तीय प्रबंधन पर चर्चा-
आमसभा के दौरान ‘उम्मीद संकुल’ से जुड़ी स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं को वार्षिक कार्य-योजना, वित्तीय लेनदेन और बैंक लिंकेज से संबंधित विस्तृत जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘लखपति दीदियों’ द्वारा साझा किए गए उनके सफलता के अनुभव रहे, जिन्हें सुनकर अन्य महिलाओं ने भी आजीविका गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा ली।
जेंडर शपथ और विभागीय सहयोग-
कार्यक्रम में समूह की सक्रिय दीदियों ने अपनी प्रगति, आपसी सहयोग और विभागीय योजनाओं के सकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर सभी उपस्थित सदस्यों को लैंगिक समानता के प्रति जागरूक करते हुए जेंडर शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम की रूपरेखा और क्रियान्वयन NRLM की ज्योति माहेश्वरी द्वारा तैयार किया गया। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र गोस्वामी ने किया। आभार प्रदर्शन विमल नागर और बबीता नाटले द्वारा किया गया।




