राज्य

सीहोर में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची टीम से मारपीट, 8 लोगों पर FIR

महिला कर्मचारी का गला दबाने का प्रयास, लाइन हेल्पर का हाथ मरोड़ा; ईंट-पत्थर से हमला करने का भी आरोप

Share

भोपाल। सीहोर में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विद्युत कंपनी की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। जांच के दौरान टीम के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट के बाद मामला थाने पहुंचा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विद्युत चोरी की सूचना पर मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की प्रबंधक जोन-2, सीहोर साधना कवरेती के नेतृत्व में विद्युत कंपनी की टीम जांच के लिए कंजर चौराहा, सीहोर पहुंची थीं। टीम द्वारा एक उपभोक्ता के विद्युत संयोजन की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मौके पर उपस्थित लोगों द्वारा विद्युत कंपनी की टीम के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की गई।

शिकायत के अनुसार, महिला कर्मचारी प्रीति शुक्ला का गला दबाने का प्रयास किया गया तथा लाइन हेल्पर राहुल चौहान के साथ मारपीट कर उनका हाथ मरोड़ दिया। आरोपितों द्वारा टीम के सदस्यों को ईंट-पत्थर से मारने का प्रयास भी किया गया। स्थिति बिगड़ने पर टीम ने 112 पर पुलिस को सूचना दी।

शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली , सीहोर में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 132, 121(1), 296(बी), 115(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

मैदानी कर्मचारियों से दुर्व्यवहार पर कंपनी का सख्त रुख-
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार अथवा शासकीय कार्य में बाधा डालने की घटनाओं को गंभीरता से लिया है। कंपनी ने सभी नियंत्रणकर्ता अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसी घटनाओं में तत्काल पुलिस को सूचना देकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करें।

Back to top button