प्रशासनिक

संभागायुक्त आशीष सिंह एवं कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने किया नागधम्मन नाले का निरीक्षण

दूषित पानी छोड़ने वाली औद्योगिक इकाइयों पर होगी सख्त कार्रवाई

Share

 

– ईटीपी संचालन की जांच और पानी के नियमित सैंपलिंग के दिए कड़े निर्देश

देवास। उज्जैन संभाग के संभागायुक्त आशीष सिंह एवं देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने संयुक्त रूप से नागधम्मन नाले का सघन स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान संभागायुक्त ने ग्राम हवनखेड़ी पहुंचकर नाले की वर्तमान स्थिति एवं जल प्रवाह का मुआयना किया।

स्थल निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागधम्मन नाले के पानी के विभिन्न स्थानों से समय-समय पर सैंपल लिए जाएं तथा पानी की गुणवत्ता व प्रदूषण स्तर की नियमित प्रयोगशाला जांच कराई जाए। संभागायुक्त ने क्षेत्रीय औद्योगिक इकाइयों में स्थापित एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट के सुचारू संचालन का विशेष एवं औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी औद्योगिक इकाई द्वारा बिना उपचारित दूषित रासायनिक पानी या अपशिष्ट नाले में सीधे नहीं छोड़ा जाना चाहिए। यदि किसी भी उद्योग द्वारा नियमों का उल्लंघन कर दूषित जल बहाया जाना पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम के तहत कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर श्री सिंह ने एमपीआईडीसी एवं संबंधित विभागों को नाले के समीप स्थित उद्योगों की निरंतर मॉनिटरिंग करने तथा पर्यावरण संरक्षण के मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।

Back to top button