देवास में महंगा हुआ दूध: 1 अक्टूबर से ₹66 लीटर मिलेगा, जानिए कब-कब बढ़े दाम

देवास दूध संघ का फैसला, 2 प्रति लीटर बढ़े भाव; रोजाना 80 हजार लीटर से ज्यादा होती है खपत
देवास। त्योहारों के बीच देवास के आम उपभोक्ताओं के लिए दूध एक बार फिर महंगा हो गया है। 1 अक्टूबर 2026 से दूध के दाम ₹2 प्रति लीटर बढ़ जाएंगे। अब तक ₹64 लीटर मिलने वाला दूध ₹66 प्रति लीटर मिलेगा।
देवास दूध संघ की बैठक में दूध खरीदी के बढ़े भाव और उत्पादन लागत में वृद्धि पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से कीमत बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
देवास शहर में प्रतिदिन करीब 80 हजार लीटर से अधिक दूध की खपत होती है। दूध का इस्तेमाल केवल घरों में पीने के लिए ही नहीं, बल्कि चाय, मिठाई, मावा, पनीर, दही और अन्य डेयरी उत्पादों के निर्माण में भी बड़े पैमाने पर होता है। ऐसे में दूध के दाम बढ़ने का असर सीधे उपभोक्ताओं के साथ ही डेयरी कारोबार से जुड़े लोगों पर भी पड़ सकता है।
दही, पनीर, मावा भी हो सकते हैं महंगे-
दूध की कीमत बढ़ने के बाद इसका असर इससे तैयार होने वाले उत्पादों पर भी पड़ सकता है। दही, पनीर, मक्खन, मावा और चक्का जैसे उत्पादों की लागत बढ़ने की संभावना है। खासकर त्योहारों के दौरान मिठाई और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ने के कारण इसका असर बाजार में दिखाई दे सकता है।
दाम बढ़े, लेकिन दूध की गुणवत्ता पर भी सवाल-
दूध के दाम बढ़ने के साथ ही उपभोक्ताओं के बीच इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल भी महत्वपूर्ण हो गए हैं। शहर में पिछले दिनों नगर जनहित सुरक्षा समिति ने दूध, पनीर सहित अन्य डेयरी उत्पादों में मिलावट की जांच की मांग उठाई थी। ऐसे में उपभोक्ताओं की अपेक्षा है कि कीमत बढ़ने के साथ दूध की गुणवत्ता और शुद्धता की नियमित जांच भी सुनिश्चित हो।
5 से 5.50 फैट वाला दूध-
दुग्ध संघ के अध्यक्ष राजेश गोस्वामी का कहना है कि शहर में उपभोक्ताओं को 5 से 5.50 फैट तक का दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसान दूध के भाव बढ़ाने की मांग कर रहे थे। पशु आहार के भाव में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए बैठक में चर्चा के बाद ₹2 प्रति लीटर भाव बढ़ाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
2023 से अब तक ऐसे बढ़े दूध के दाम-
देवास में दूध के भाव में पिछले कुछ वर्षों में कई बार बदलाव हुआ है।
1 मार्च 2023: ₹58 से बढ़कर ₹60 प्रति लीटर
1 अक्टूबर 2023: इंदौर में भाव कम होने के बाद ₹4 की कमी, भाव ₹56 प्रति लीटर
1 अक्टूबर 2024: ₹4 की बढ़ोतरी, भाव ₹60 प्रति लीटर
1 अप्रैल 2026: ₹4 की बढ़ोतरी, भाव ₹64 प्रति लीटर
1 अक्टूबर 2026: ₹2 की बढ़ोतरी के बाद भाव ₹66 प्रति लीटर
दूध रोजमर्रा की जरूरत का ऐसा उत्पाद है जिसकी कीमत में छोटी बढ़ोतरी भी महीने के घरेलू बजट पर असर डालती है। खासकर ऐसे परिवार जहां रोजाना कई लीटर दूध की खपत होती है, उनके लिए महीने का खर्च और बढ़ जाएगा। इसके साथ ही दूध से बनने वाले उत्पादों की कीमतों पर भी नजर रहेगी।




