एशियाई खेलों में देवास के जय मीणा का कमाल, सॉफ्ट टेनिस में भारत को दिलाया ऐतिहासिक कांस्य

देवास। जिले के होनहार सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी जय मीणा ने एशियाई खेलों के मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एकल वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर देवास और देश का गौरव बढ़ाया है। जय ने सॉफ्ट टेनिस के एशियाई खेलों के इतिहास में भारत को पहला पदक दिलाकर खेल जगत में नया अध्याय जोड़ दिया।
एशियाई खेलों में देवास जिले के भारतीय सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी जय मीणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एकल में कांस्य पदक अपने नाम किया। जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस में एशियाई खेलों के इतिहास में भारत का पहला पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया। सेमीफाइनल मुकाबले में जय मीणा का सामना मेजबान जापान के कुरोसाका ताकुया से हुआ। कड़े मुकाबले में जय को 2-4 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें कांस्य पदक मिला। इससे पहले जय मीणा ने क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के शेरविन नुगुइट को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। सेमीफाइनल में पहुंचते ही उनका पदक सुनिश्चित हो गया था।
देवास के लिए गौरव का क्षण-
देवास जिले के जय मीणा की यह उपलब्धि भारतीय सॉफ्ट टेनिस के लिए ऐतिहासिक है। उनका सफर देवास से शुरू होकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा और अब उन्होंने एशियाई खेलों के मंच पर भारत के लिए ऐतिहासिक पदक हासिल किया है।




