गोदाम में मिला अवैध ज्वलनशील पदार्थ

लगभग 11,800 लीटर पेट्रोलियम गंधयुक्त तरल पदार्थ एवं 3,800 लीटर लुब्रीकेंट ऑयल मिला, गोदाम सील
इंदौर। उद्योग नगर, पालदा स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ के भंडारण की सूचना पर प्रशासन की टीम द्वारा कड़ी कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान गोदाम में 46 लोहे के ड्रमों में लगभग 11,800 लीटर पेट्रोलियम गंधयुक्त तरल पदार्थ संग्रहित पाया गया। इसके अतिरिक्त, गोदाम में 19 ड्रमों में लगभग 3,800 लीटर लुब्रीकेंट ऑयल भी मिला।
जांच के दौरान गोदाम के अंदर खड़े वाहन में 12 ड्रम तथा अन्य वाहन में 1 ड्रम संग्रहित पाया गया। मौके पर उपस्थित सौरभ सोलंकी ने बताया कि गोदाम का संचालन विनय अग्रवाल एवं विनोद अग्रवाल द्वारा किया जाता है, जो कार्रवाई के दौरान अनुपस्थित थे। गोदाम के बाहर ट्रक टैंकर भी खड़ा पाया गया।
कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों में पाए गए पदार्थों सहित लगभग 11,800 लीटर इंडस्ट्रियल सॉल्वेंट को जब्ती पंचनामा अनुसार जब्त कर सौरभ सोलंकी की सुपुर्दगी में दिया गया। मौके पर खड़े ऑयल टैंकर को जब्त कर पुलिस थाना भंवरकुआं की अभिरक्षा में सौंपा गया।
अवैध रूप से संचालित गोदाम को सील कर जब्त पेट्रोलियम पदार्थ के नमूने लिए गए। प्रकरण में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।




