देवास

12 किमी सड़क पर सफर बना जोखिम, गड्ढों में तब्दील हुआ सिरोल्या-कैलोद-टिगरिया गोगा मार्ग

Share

बारिश में गड्ढों में भरा पानी और कीचड़ बढ़ा रहा परेशानी, वाहन चालक जोखिम उठाकर कर रहे आवाजाही

सिरोल्या (अमर चौधरी)। सिरोल्या से कैलोद होते हुए टिगरिया गोगा तक जाने वाले करीब 12 किमी मुख्य मार्ग पर इन दिनों राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सड़क जगह-जगह खराब होने से वाहन चालकों को गड्ढों, कीचड़ और फिसलन के बीच सफर करना पड़ रहा है। बारिश के चलते स्थिति और कठिन हो गई है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को हर कदम संभलकर उठाना पड़ रहा है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा गत 4 साल पहले बने सिरोल्या से कैलोद होते हुए टिगरिया गोगा 12 किमी मुख्य मार्ग की हालत इस समय जर्जर हो रही है। मार्ग में विभिन्न जगहों से डामर निकल चुका है एवं मार्ग उखड़ने से फिसलन, कीचड़ एवं गढ्ढ़ों की भरमार हो गई है। गिट्टी एवं चूरी मार्ग बिखरने से लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। मार्ग का सीधा संपर्क इंदौर से होने के चलते सैकड़ों की संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। इस मार्ग से लोगों को इंदौर जाने में दूरी एवं समय दोनों की बचत होती है‌। ऐसे में 20 से अधिक गांवों का यह प्रमुख मार्ग है। बारिश में जलभराव एवं गड्ढों से सने मार्ग पर चलना कठिन हो गया है। क्षेत्र के किसानों की जमीनें भी इसी मार्ग पर लगी है। ऐसे में किसानों को खेती से जुड़े कार्यों में परेशानियां हो रही हैं। कई स्कूलों की बसें भी निकलती हैं।

केदार चौधरी, नंदकिशोर चौधरी, भगवानलाल बागवान, सिंगाराम मंडलोई आदि ग्रामीणों ने कहा कि दोपहिया एवं चारपहिया दोनों वाहन चलाने में दिक्कत हो रही है। वाहन चालक मुश्किल से आवाजाही कर रहे हैं। दिनभर चलने वाले ओवरलोड डंपरों से मार्ग काफी जर्जर अवस्था में है। इस समय मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों में बारिश का पानी भरा होने से उनकी गहराई का पता नहीं चल पाता है। ऐसे में रात्रि में कई दोपहिया वाहन चालक बाइक सहित गिरकर घायल हो चुके हैं। बढ़ते यातायात के बीच कीचड़ एवं गड्ढों के बीच ग्रामीणों को जोखिम उठाकर आवाजाही करना मजबूरी हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर मेंटनेंस तो होता है किंतु कुछ समय में ही मार्ग फिर जर्जर हो जाता है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द गढ्ढों में पेंचवर्क एवं मार्ग दुरुस्तीकरण करने की मांग लोक निर्माण विभाग से की है।

बारिश के बाद करवाएंगे पेंचवर्क

सिरोल्या से टिगरिया गोगा मार्ग ग्यारंटी पीरिएड में है। बारिश के बाद (अक्टूबर) मार्ग पर गढ्ढों में डामर से पेंचवर्क एवं दुरस्त करने का काम शुरू किया जाएगा।– ईशान निगम, इंजीनियर सब डिवीजन लोनिवि देवास

Back to top button