सुतारखेड़ा खदान की तलैया में मिला युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

सिरोल्या (अमर चौधरी)। बरोठा थाना क्षेत्र के ग्राम सुतारखेड़ा स्थित खदान की तलैया में शनिवार देर शाम को एक युवक का तैरता हुआ शव दिखने से इलाके में सनसनी फैल गई।
इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना बरोठा पुलिस को दी। सूचना पर बरोठा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस बल के आरक्षक विजेंद्रसिंह सिसौदिया ने साहस दिखाया। वे खदान की तलैया के गहरे पानी में उतरकर शव को खींचकर किनारे तक लाए, जिसके बाद ग्रामीणों और राजेश लुवानिया, तेजसिंह, पवन पुलिस बल की मदद से शव को बाहर निकाला गया। शव की शिनाख्त की गई एवं परिजनों को हादसे के बारे में जानकारी दी गई।
बरोठा थाना प्रभारी सविता सिंह जाटव ने बताया की कैलोद के मांगीलाल पिता रामेश्वर वर्मा के घर दो दिन पहले उनके साले आए थे। युवक मनोज पिता मांगीलाल ग्राम कायथा जिला उज्जैन के निवासी हैं। एक दिन पहले जीजा के घर से गायब थे। युवक मनोज तलैया में कैसे डूबे इसका कारण अभी साफ नहीं है। शव की शिनाख्त के बाद युवक का शव पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पीएम रिपोर्ट के बाद डूबने का कारण स्पष्ट हो सकेगा। बरोठा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



