नाले के पास छिपाकर रखी थीं शराब की भट्टियां, बरोठा पुलिस ने 6 भट्टियां तोड़ीं और 800 लीटर लहान किया नष्ट

बरोठा (अमर चौधरी)। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बरोठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण की छह भट्टियां नष्ट की है।पुलिस टीम ने मौके से करीब 800 लीटर महुआ लहान भी बरामद किया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया।
थाना प्रभारी सवितासिंह जाटव के अनुसार, गत दिवस बरोठा पुलिस ने कस्बे के सांसी मोहल्ले में अवैध शराब निर्माण की सूचना पर सघन दबिश दी। प्रारंभिक सर्चिंग में शराब नहीं मिलने पर पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाश जारी रखी। इसी दौरान तालाब किनारे स्थित नाले और उसके आसपास के इलाके की सघन तलाशी ली गई। सर्चिंग के दौरान नाले के आसपास छिपाकर रखी गई छह बंद अवैध शराब भट्टियां, छह लोहे के ड्रम, महुआ लहान से भरे पांच बड़े ड्रम और सात छोटी केन बरामद हुईं। इनमें करीब 800 लीटर महुआ लहान रखा हुआ था। पुलिस ने लहान को मौके पर नष्ट करने के साथ ही शराब निर्माण में इस्तेमाल की जा रही भट्टियों और अन्य सामग्री को भी नष्ट कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए थाना स्तर पर लगातार दबिश और सर्चिंग की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों और आमजनों को अवैध शराब सहित अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में की गई। इसमें थाना प्रभारी बरोठा निरीक्षक सविता सिंह सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
नष्ट सामग्री- करीब 800 लीटर महुआ लहान, अवैध शराब निर्माण की 6 भट्टियां, 6 लोहे के ड्रम, 5 बड़े ड्रम और 7 छोटी केन में रखा महुआ लहान नष्ट किया है।




