सेवा संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएगा भाजयुमो

कार्यशाला में युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का लिया संकल्प
देवास। भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला देवास द्वारा मध्यप्रदेश भाजयुमो के निर्देशानुसार ‘सेवा संकल्प अभियान’ को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन श्री खेड़ापति इंटरनेशनल होटल में किया गया।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष रजत पाल सिंह राजपूत की अध्यक्षता तथा भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यशाला में युवा कार्यकर्ताओं ने सेवा, संगठन और समर्पण के संकल्प के साथ अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने का संकल्प लिया।
कार्यशाला का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सेंधव ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी संगठन की ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण की सबसे प्रभावी शक्ति होती है। सेवा का भाव केवल किसी गतिविधि तक सीमित नहीं, बल्कि यह समाज के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सेवा और समर्पण के भाव के साथ समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए निरंतर कार्य करें।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष रजत पाल सिंह राजपूत ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवा शक्ति को सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की विचारधारा से जोड़ने का व्यापक प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज की Gen Z पीढ़ी के सामने नशे, निराशा, भटकाव और नकारात्मक प्रवृत्तियों जैसी अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे समय में युवा मोर्चा का दायित्व है कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक सोच, सामाजिक सरोकार और रचनात्मक गतिविधियों की दिशा में मोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा युवाओं को संगठनात्मक मंच उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा और ऊर्जा को समाज एवं राष्ट्रहित की सार्थक दिशा देने का कार्य कर रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और अधिक से अधिक युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यशाला में अभियान की आगामी रूपरेखा, सेवा गतिविधियों की प्रभावी क्रियान्विति तथा संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे ‘सेवा पहले, संगठन सर्वोपरि और राष्ट्रहित सर्वोच्च’ की भावना के साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं तथा सेवा गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने सेवा एवं समर्पण की भावना के साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रभारी धनंजय शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष बहादुर मुकाती, भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव, मनीष सोलंकी एवं विजयसिंह पंवार, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री आशीष झाला, भाजयुमो पूर्व अध्यक्ष राम सोनी, जयवर्धन जोशी सहित युवा मोर्चा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष राहुल गोस्वामी ने किया तथा आभार जिला महामंत्री मोहित जाट ने माना। उक्त जानकारी भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी सतीश चौहान ने दी।




