नगर निगम

एमजी रोड पर पैदल निकले निगमायुक्त, निर्माण कार्यों की परखी हकीकत

सयाजी द्वार से गांजाभाग तक निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण, गजरा गियर्स-बीनपी गेट सड़क चौड़ीकरण में मशीनरी बढ़ाने को कहा

Share

 

देवास। शहर की प्रमुख सड़कों पर चल रहे निर्माण कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता जांचने के लिए निगमायुक्त दलीप कुमार शुक्रवार को अचानक मैदान में उतरे।

उन्होंने एमजी रोड पर सयाजी द्वार से लेकर पुराने कलेक्टर कार्यालय, तहसील चौराहा, नावेल्टी चौराहा, तीन बत्ती चौराहा, सुभाष चौक और गांजाभाग चौराहा तक पैदल भ्रमण कर दोनों ओर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान जहां काम में सुधार की जरूरत नजर आई, वहीं संबंधितों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए।

सयाजी द्वार से तहसील चौराहा तक चल रहे सीसी रोड निर्माण को देखते हुए आयुक्त ने मुरम डालने के साथ पर्याप्त पानी डालने और इसके बाद प्रॉपर रोलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में अगले चरण का काम करने से पहले बेस की मजबूती ठीक तरह से सुनिश्चित की जाए।

इसके बाद सुभाष चौक से नावेल्टी चौराहा क्षेत्र में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। यहां चेंबर निर्माण सहित जो कार्य अभी शेष हैं, उन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश संबंधित फर्म के पदाधिकारियों को दिए। सुभाष चौक से नावेल्टी चौराहा होते हुए भैरू मंदिर तक रेस्टोरेशन का काम भी शीघ्र पूरा करने को कहा गया।

बिजली के खंभे हटाने के काम में भी तेजी लाने के निर्देश

एमजी रोड पर निर्माण कार्य में बाधा बन रहे बिजली के खंभों को हटाने के काम की भी आयुक्त ने जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए, ताकि सड़क से जुड़े बाकी काम समय पर पूरे किए जा सकें।

गजरा गियर्स से बीएनपी गेट तक सड़क चौड़ीकरण भी देखा

आयुक्त ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना के तहत गजरा गियर्स चौराहा से बीएनपी गेट तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को मशीनरी और संसाधन बढ़ाकर काम की गति तेज करने के निर्देश दिए।

सीसी रोड के लिए की गई खुदाई को लेकर आयुक्त ने पहले उचित भराव करने, पानी डालने और प्रॉपर रोलिंग करने के बाद ही सीसी रोड निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री डालने को कहा। इससे सड़क की मजबूती और निर्माण की गुणवत्ता बनी रहे, इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद आयुक्त ने बीएनपी गेट से अम्बेडकर नगर के मेन रोड पर लगाए गए पेवर्स ब्लॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर के अन्य वार्डों में कराए गए निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

Back to top button