क्राइम

चाकू की नोक पर कंटेनर लूटा… GPS ने खोला राज, पुलिस ने कुछ ही घंटों में 5 आरोपियों को दबोचा

अवंतिका फूड्स कंपनी से 9 टन आटे से भरे कंटेनर की डकैती का पर्दाफाश, 50 लाख का माल बरामद

Share

 

देवास। देवास में 9 टन आटे से भरे कंटेनर की लूट के बाद आरोपियों को लगा कि वे आसानी से फरार हो जाएंगे, लेकिन कंटेनर में लगा GPS उनकी लोकेशन पुलिस तक पहुंचाता रहा।

सूचना मिलते ही देवास पुलिस ने इंदौर पुलिस के साथ मिलकर रास्ते में नाकाबंदी कर पीछा शुरू किया। सेज यूनिवर्सिटी के पास पुलिस को देखकर आरोपी कंटेनर को सर्विस रोड पर उतारकर भागने लगे, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से जा टकराया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ा और कुछ ही घंटों में मामले में शामिल सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 50 लाख रुपए का कंटेनर व 9 टन आटा बरामद कर लिया।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने लूट/डकैती/नकबजनी की घटना में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर संपूर्ण माल बरामद करने हेतु निर्देशित किया है।

पुलिस के अनुसार 5 सितंबर को फरियादी संतोष छत्तरसिंह मालवीय ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह इंदौर स्थित शिवानी ट्रांसपोर्ट के कंटेनर क्रमांक mp 09 Az 1441 का चालक है। इंदौर से खाली कंटेनर लेकर देवास स्थित अवंतिका फूड्स कंपनी राजीव नगर भट्टा में माल भरने आया था।

कंपनी द्वारा कंटेनर में 310 कट्टे, कुल 9 टन आटा भरने के बाद जब फरियादी वाहन लेकर निकलने की तैयारी कर रहा था, तभी ड्राइवर साइड से एक व्यक्ति आया और फरियादी की कमर पर चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी देते हुए कॉलर पकड़कर उसे नीचे फेंक दिया। नीचे गिरने से फरियादी के दोनों घुटनों एवं हाथों में चोट आई। इसी दौरान 4 अन्य व्यक्ति कंडक्टर साइड से कंटेनर में चढ़ गए तथा कंटेनर को उसमें भरे आटे सहित लेकर फरार हो गए।

चाकू दिखाने वाला आरोपी मौके पर ही रह गया, जिसे फरियादी एवं कंपनी के गार्डों की सहायता से पकड़ लिया गया। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। आरोपियों ने कंपनी के गार्ड को भी धमकाया तथा कंटेनर लेकर भागते समय कंपनी का गेट भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

फरियादी से संपर्क करने पर पुलिस को जानकारी मिली कि कंटेनर में जीपीएस डिवाइस लगा हुआ है तथा उसकी लोकेशन इंदौर की ओर जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने जीपीएस लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र के आधार पर कंटेनर का पीछा प्रारंभ किया। साथ ही कंट्रोल रूम इंदौर, थाना तेजाजी नगर एवं थाना राऊ को सूचना देकर नाकाबंदी के लिए अवगत कराया। देवास एवं इंदौर पुलिस ने समन्वित कार्रवाई कर लगातार पीछा किया। सेज यूनिवर्सिटी के पास पुलिस की नाकाबंदी देखकर आरोपी ने कंटेनर को मेन रोड से नीचे सर्विस रोड पर उतार दिया, जहां कंटेनर अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकरा गया।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कंटेनर में बैठे आरोपी सूरज बैरागी उम्र 19 वर्ष निवासी राजीव नगर भट्टा, देवास को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपी सूरज ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर 5 सितंबर की रात्रि करीब 8:30 बजे अवंतिका फूड्स कंपनी से कंटेनर की डकैती करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी सूरज के कब्जे से मौके पर ही कंटेनर एवं उसमें भरा 9 टन आर्शीवाद कंपनी का आटा बरामद कर लिया। इसके पश्चात पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल अन्य चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों की निशानदेही से घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू बरामद किया गया, जिस पर प्रकरण में धारा 25 आयुध अधिनियम का इजाफा किया गया।

गिरफ्तार आरोपी के नाम-
1. सुनील चौहान उम्र 35 वर्ष निवासी राजीव नगर देवास।
2. शुभम राजौरिया उम्र 19 वर्ष निवासी राजीव नगर देवास।
3. आकाश बैरागी उम्र 20 वर्ष निवासी राजीव नगर देवास।
4. भावेश पटेल उम्र 18 वर्ष निवासी राजीव नगर देवास।
5. सूरज बैरागी उम्र 19 वर्ष निवासी राजीव नगर।

सराहनीय कार्य- उक्त सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक अमित सोलंकी, उनि गौरव नगावत, सउनि हितेन्द्र चंद्रवंशी, अजय शर्मा, प्रआर शैलेन्द्र राणा, आर लक्ष्मीकांत, नरेन्द्र, सैनिक तेज सिंह एवं उप निरीक्षक अविनाश सेंगर, थाना तेजाजी नगर इंदौर एवं उनकी टीम व कंट्रोल रूम देवास से उनि विश्वेन्द्र त्रिपाठी, प्रआर दीपक आर्य, आर रामकिशन प्रजापत,नवीन वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

Back to top button