देवास

मां सरपंच, बेटी बनी उपनिरीक्षक… रौशनी की सफलता पर गांव ने किया सम्मान

Share

 

विधायक मनोज चौधरी बोले- मेहनत और समर्पण से हासिल की सफलता, पूर्ण निष्ठा व ईमानदारी से निभाएं जिम्मेदारी

सिरोल्या (अमर चौधरी)। ग्राम मोरूखेड़ी की बेटी रौशनी चौधरी के उपनिरीक्षक पद पर चयन की खुशी में क्षेत्र में गौरव और उत्साह का माहौल रहा। रौशनी की इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में विधायक मनोज चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

रौशनी ग्राम मोरूखेड़ी की सरपंच रचना विनोद चौधरी की सुपुत्री हैं। उपनिरीक्षक पद पर चयन को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विधायक मनोज चौधरी ने कहा कि यह सफलता रौशनी की कठिन मेहनत, लगन और निरंतर समर्पण का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि रौशनी अपने दायित्व का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करते हुए परिवार एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करें। विधायक ने कहा कि बेटी का आगे बढ़ना हमारी संस्कृति और समाज की शान है।

समारोह में गणमान्यजनों ने रौशनी का पुष्पहार पहनाकर, साफा बांधकर तथा माता की चुनरी ओढ़ाकर सम्मान किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

रौशनी के उपनिरीक्षक बनने की उपलब्धि से मोरूखेड़ी सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश चौधरी, कुलदीप पटेल, सचिव भगवानसिंह चौधरी, राजेश चौधरी, डाॅ. रूपसिंह नागर, श्यामलाल चौधरी, अमर चौधरी सहित आसपास के सरपंच एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

Back to top button