प्रशासनिकशिक्षा

देवास: स्कूल वैन मामले में स्कूल को कारण बताओ नोटिस

Share

अंडरब्रिज में बच्चों से भरी मैजिक ले जाने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी की कार्रवाई, तीन दिन में मांगा जवाब

देवास। सिविल लाइन अंडरब्रिज में जलभराव के बावजूद बैरिकेड हटाकर स्कूली बच्चों से भरी मैजिक वाहन ले जाने के मामले में अब शिक्षा विभाग ने भी सख्त रुख अपनाया है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने सिटी कॉन्वेंट हायर सेकंडरी स्कूल, देवास के प्राचार्य को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर तीन दिन में समाधानकारक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि समाचार पत्र में प्रकाशित खबर और वायरल वीडियो से प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय के छात्र-छात्राओं से भरे मैजिक वाहन के चालक द्वारा बैरिकेड हटाकर जलमग्न अंडरब्रिज में वाहन ले जाया गया। नोटिस में इसे विद्यालय प्रशासन की लापरवाही दर्शाने वाला कृत्य बताया गया है।

नोटिस में स्कूल प्रबंधन से पूछा गया है कि मान्यता नियमों के प्रावधानों के अनुसार विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई क्यों न प्रस्तावित की जाए। विभाग ने स्कूल प्रबंधन को उक्त मामले में तीन दिवस के भीतर समाधानकारक उत्तर प्रस्तुत करने के लिए कहा है।

ये भी पढ़ें: पानी से लबालब अंडरब्रिज में स्कूली बच्चों से भरा मैजिक उतारा, बीच रास्ते बंद हुआ वाहन

साथ ही नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्राप्त नहीं होने की स्थिति में विद्यालय के विरुद्ध एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रबंधन की होगी।

गौरतलब है कि जलभराव के बावजूद बैरिकेड हटाकर मैजिक वाहन को अंडरब्रिज में उतारने के बाद वाहन पानी में बंद हो गया था। वाहन में सवार स्कूली बच्चों को स्थानीय नागरिकों और पुलिस बल की मदद से रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला गया था।

मामले में पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया है, जबकि स्कूल संचालक के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज किया गया है। अब शिक्षा विभाग की ओर से नोटिस जारी होने के बाद स्कूल की मान्यता पर भी कार्रवाई की तलवार लटक गई है। 

ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लिया देवास स्कूल वैन घटनाक्रम का स्वयं संज्ञान, दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश 

Back to top button