देवास

वरिष्ठ पत्रकार एवं एडवोकेट अनिल उपाध्याय सर्वसम्मति से बने खातेगांव प्रेस क्लब अध्यक्ष

पत्रकारों ने साफा बांधकर और फूलमालाओं से किया आत्मीय स्वागत

Share

नेमावर। कई दशकों से खातेगांव क्षेत्र में पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे वरिष्ठ पत्रकार एवं एडवोकेट अनिल उपाध्याय को सर्वसम्मति से खातेगांव प्रेस क्लब का अध्यक्ष चुना गया। उनके अध्यक्ष चुने जाने के अवसर पर मां नर्मदा की पावन नगरी नेमावर स्थित रेस्ट हाउस में पत्रकारों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

क्षेत्रभर से पहुंचे पत्रकार साथियों ने नव नियुक्त अध्यक्ष श्री उपाध्याय का साफा बांधकर, फूलमालाएं पहनाकर एवं आत्मीय स्वागत कर उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम में पत्रकारों के बीच लंबे समय बाद ऐसा उत्साह देखने को मिला। अध्यक्ष चुने जाने की खुशी में पत्रकार साथियों ने नाच-गाने के साथ अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। स्वागत के दौरान पत्रकारों ने श्री उपाध्याय को गोद में उठाकर उनका अभिनंदन किया तथा जमकर नारे लगाए।

समाज और प्रशासन के बीच सेतु है पत्रकारिता : गोपाल अग्रवाल
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष नेमावर गोपाल अग्रवाल ने की। उन्होंने अपने संबोधन में प्रेस क्लब को समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु बताते हुए कहा कि पत्रकार अपनी लेखनी के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ ही क्षेत्र की उपलब्धियों और सकारात्मक गतिविधियों को भी समाज के सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि खातेगांव प्रेस क्लब की एकजुटता और रचनात्मक गतिविधियां पत्रकारिता के क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

पत्रकारों ने जताया विश्वास, हितों की मजबूती से पैरवी की अपेक्षा-
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। पत्रकारों ने अनिल उपाध्याय के सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। पत्रकारों ने कहा कि उनके लंबे पत्रकारिता अनुभव और विधि क्षेत्र की समझ का लाभ संगठन को मिलेगा, साथ ही पत्रकारों के हितों, अधिकारों और समस्याओं के लिए उचित मंच पर मजबूती से आवाज उठाने तथा क्षेत्र की पत्रकारिता को और अधिक सशक्त एवं संगठित बनाने की अपेक्षा व्यक्त की गई।

पत्रकारों ने कहा कि संगठन की मजबूती के साथ-साथ पत्रकारों के सामने आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को एकजुट होकर उठाना समय की आवश्यकता है। सभी ने प्रेस क्लब को रचनात्मक, सक्रिय और पत्रकार हितों के लिए समर्पित संगठन के रूप में आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र मौर्य का भी हुआ सम्मान-
इस अवसर पर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र मौर्य का भी साफा बांधकर एवं फूलमालाओं से स्वागत-सम्मान किया गया। पत्रकार साथियों ने उनके कार्यकाल और संगठन के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।

विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा : अनिल उपाध्याय
नवनियुक्त अध्यक्ष अनिल उपाध्याय ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जिस विश्वास और सर्वसम्मति के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है उस विश्वास पर खरा उतरने का वे पूरी क्षमता के साथ प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा और पत्रकार साथियों के सामने आने वाली समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाकर उनके निराकरण की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी।
उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने तथा क्षेत्र की पत्रकारिता को और अधिक प्रभावी एवं सकारात्मक दिशा देने के लिए सभी पत्रकार साथियों से सहयोग की अपेक्षा की।

इन पत्रकार साथियों की रही मौजूदगी- 
कार्यक्रम में नगर पंचायत नेमावर के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल अग्रवाल, प्रदीप साहू, शैलेंद्र वर्मा, राजा ताम्रकार, नारायण उज्जैनिया, पुनीत जैन, सुनील जैन, प्रवीण गंगराड़े, ओमप्रकाश परमार, हर्षित तिवारी, सुनील अग्रवाल, दुर्गेश पवार, राकेश अजमेरा, दीपक तिवारी, आशीष जायसवाल, राकेश इनानिया, संदीप बागवान, अरुण उईके, पुष्पेंद्र सर्दियां, रवि वर्मा, विवेक यादव, संतोष धनगर, आशीष मीणा, पंकज साहू, मुकेश यादव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण गंगराड़े ने किया।

Back to top button