बारिश की आस में इंद्रदेव को मनाने उमड़ा गांव, मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद खेतों में की उज्जैनी
सोयाबीन की फसल पर पड़ रहा बारिश की खेंच का असर, जलस्रोत भी सूखने की ओर; दुकानदारों ने बंद रखीं दुकानें

पुंजापुरा (बाबू हनवाल)। आसमान में बादलों का इंतजार करते-करते किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ने लगी है।
पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण खेतों में खड़ी सोयाबीन की फसल की बढ़वार प्रभावित होने लगी है। वहीं, जलस्रोतों में भी पर्याप्त पानी नहीं होने से ग्रामीणों के सामने आने वाले दिनों को लेकर चिंता बनी हुई है।
बारिश की लंबी खेंच से परेशान ग्रामीणों ने अब इंद्रदेव को मनाने के लिए सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना और उज्जैनी की। सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिरों में पहुंचे और इंद्रदेव की पूजा कर क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना की।
पूजन-अर्चना के बाद ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे, जहां अलग-अलग खेतों में जाकर भोजन बनाया। ग्रामीणों का मानना है कि पूजा और उज्जैनी से इंद्रदेव प्रसन्न होंगे और जल्द ही क्षेत्र में झमाझम बारिश होगी।
इस दौरान ग्रामीणों के साथ दुकानदार भी इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। दुकानदार अपनी दुकानें बंद रखकर उज्जैनी में शामिल हुए। गांव में सुबह से ही बारिश के लिए प्रार्थना और पूजा-अर्चना का वातावरण बना रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समय सबसे ज्यादा जरूरत अच्छी बारिश की है। सोयाबीन की फसल को आगे बढ़ने के लिए पानी की आवश्यकता है। यदि बारिश में और देरी होती है तो फसल पर इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है। ऐसे में अब ग्रामीणों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं और सभी को इंद्रदेव की कृपा से जल्द बारिश होने की उम्मीद है।




