प्रशासनिक

त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, देवास जिले में दूध-घी सहित खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए

देवास, टोंकखुर्द, सोनकच्छ और कन्नौद में चला सघन निरीक्षण अभियान, जांच के लिए भोपाल लैब भेजे गए नमूने

Share

 

देवास। आगामी त्योहारों के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिलेभर में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है।

कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने देवास, टोंकखुर्द, सोनकच्छ और कन्नौद क्षेत्र के विभिन्न डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दूध, घी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए। सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत की गई इस कार्रवाई के दौरान देवास शहर स्थित मुकाती दूध डेयरी, महेंद्र दूध डेयरी, श्री कृष्णा दूध भंडार तथा संजय मिल्क प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से दूध के नमूने लिए गए।

देवास में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, दूध-घी के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे

इसी प्रकार टोंकखुर्द में श्री मॉडर्न डेयरी एंड एग्रो प्रोडक्ट्स एवं पटेल दूध डेयरी, जबकि सोनकच्छ में दिनशा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड और श्री बालाजी डेयरी से भी दूध के नमूने लेकर जांच के लिए सुरक्षित किए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश वास्केल ने कन्नौद क्षेत्र में औचक निरीक्षण करते हुए श्री मॉडर्न दूध डेयरी से दूध एवं घी, जय किसान एग्रो प्रोडक्ट से दूध तथा मेव दूध डेयरी से दूध के नमूने एकत्रित किए।

विभाग ने सभी नमूनों को विस्तृत परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेज दिया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी एवं निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जिलेभर में निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Back to top button