चिड़ावद मुक्तिधाम से हटाया अवैध निर्माण, तहसील प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर की कार्रवाई
नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन सख्त, तहसीलदार की मौजूदगी में चला बुलडोजर

टोंकखुर्द (नन्नू पटेल)। टोंकखुर्द तहसील के टप्पा चिड़ावद स्थित मुक्तिधाम पर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटा दिया। कार्रवाई तहसीलदार गौरव निरंकारी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत और राजस्व विभाग की मौजूदगी में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुक्तिधाम की शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को हटाने के लिए संबंधित अतिक्रमणकर्ता को पहले नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समयावधि के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार गौरव निरंकारी, ग्राम सरपंच लक्ष्मी कमल चंद्रवंशी, संबंधित पटवारी एवं राजस्व अमला मौके पर मौजूद रहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।




