देवास

देवास में तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा टला, पानी से लबालब नाले में स्कूटर सहित गिरीं दो बालिकाएं

Share

 

देवास। मंगलवार दोपहर हुई तेज बारिश के दौरान सुतार बाखल सब्जी मंडी चौराहे पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बारिश के पानी से भरे नाले में दो बालिकाएं स्कूटर सहित गिर गईं। मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

देवास में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे हुई मूसलाधार बारिश के दौरान दो बालिकाएं स्कूटर सहित पानी से भरे नाले में जा गिरीं। बारिश के कारण नाला पूरी तरह पानी से लबालब था, जिससे उन्हें नाले का अंदाजा नहीं लग सका। देखते ही देखते स्कूटर असंतुलित होकर नाले में जा गिरा।

घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों बालिकाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लोगों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।

अधूरा नाला बना खतरे की वजह-
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां नाला निर्माण का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। बारिश के दौरान नाला पूरी तरह पानी से ढक जाता है, जिससे उसकी वास्तविक स्थिति नजर नहीं आती और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने और सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

तेज बारिश के बाद शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी बन गई। सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

Back to top button