क्राइम

देवास में हथियार तस्करों के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार: एक ही रात में 4 छापे, 14 देसी पिस्टल और 5 कारतूस जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार

Share

 

कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पूछताछ में अवैध हथियारों की सप्लाई चेन का खुलासा; कई जिलों तक फैले नेटवर्क की जांच शुरू

देवास। अवैध हथियारों की तस्करी कर अपराधियों तक पिस्टल पहुंचाने वाले गिरोह पर देवास पुलिस ने बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए एक ही रात में चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 14 देसी पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस तथा हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल दो दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में इस कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि पूछताछ में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ियां सामने आई हैं। पूरे नेटवर्क के स्रोत और इससे जुड़े अन्य बदमाशों की तलाश जारी है।

एक रात, चार कार्रवाई… हथियार तस्करों पर पुलिस का शिकंजा
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिलेभर में अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कोतवाली पुलिस को अलग-अलग मुखबिरों से सूचना मिली कि शहर में विभिन्न स्थानों पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त होने वाली है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन व नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं।
टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से शहर के अलग-अलग इलाकों में एक साथ घेराबंदी कर दबिश दी, जिससे आरोपियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

पूछताछ में खुला हथियार सप्लाई का नेटवर्क
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अंकित रायकवार, साहिल वर्मा, शुभम पांचाल, इरफान शेख और अक्षय शिंदे को गिरफ्तार किया। भारतीय साक्ष्य अधिनियम के तहत तैयार मेमोरण्डम में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक-दूसरे के माध्यम से अवैध हथियार खरीदते और बेचते थे। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही से 14 देसी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए।

पुलिस का मानना है कि यह केवल एक गिरोह का खुलासा नहीं, बल्कि हथियारों की बड़ी सप्लाई चेन का हिस्सा है, जिसकी कड़ियां प्रदेश के अन्य जिलों से भी जुड़ी हो सकती हैं।

सुनसान जगहों पर होती थी डील, वाहनों से पहुंचते थे हथियार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से अवैध देसी पिस्टल खरीदकर उन्हें अपराधियों तक पहुंचाते थे। हथियारों की डील हमेशा सुनसान स्थानों पर की जाती थी ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। परिवहन के लिए दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया जाता था और प्रति पिस्टल तय रकम लेकर बिक्री की जाती थी।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां तैयार किए जा रहे थे, इनके मुख्य सप्लायर कौन हैं और किन-किन अपराधियों तक इनकी सप्लाई की गई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 देसी पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और दो दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपी-
1. अंकित रायकवार उम्र 22 साल निवासी जयभारत नगर भेरुगढ
2. साहिल वर्मा उम्र 24 साल निवासी भैरूगढ
3. इरफान शेख उम्र 35 साल निवासी सिल्वर कालोनी देवास
4. अक्षय शिंदे उम्र 23 साल निवासी लक्ष्मीपुरा देवास
5. शुभम पांचाल उम्र 29 निवासी ग्रीन सिटी आगर रोड उज्जैन।
कुछ आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से दर्ज

प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले भी मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित अन्य आपराधिक प्रकरण विभिन्न थानों में दर्ज होना सामने आया है। पुलिस उनके विस्तृत आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है, ताकि पुराने मामलों से भी इनकी भूमिका जोड़ी जा सके।

पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड, सप्लायर तथा खरीददारों की पहचान की जा रही है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका- सराहनीय कार्य में नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल, निरीक्षक श्यामचंद्र शर्मा थाना प्रभारी थाना कोतवाली, उप निरीक्षक जीवन भिडोरे, संजय वर्मा, प्रधान आरक्षक सुनील देथलिया, रवि गरोड़ा, महेन्द्र जादौन, अर्पित श्रीवास्तव, मनोज मौर्य, आरक्षक नवीन देथलिया, वैभव मण्डलोई, सुजीत चौधरी, शिव वसुनिया एवं सायबर सेल टीम से प्रआर शिव प्रताप सिंह सेंगर, सचिन चौहान व पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सउनि मनोज पटेल, ईश्वर मण्डलोई, राजेश भारद्वाज की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए इसे जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया।

देवास पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने या हथियारों की खरीद-फरोख्त संबंधी कोई जानकारी हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Back to top button