खादी व ग्रामोद्योग उत्पादों पर 30% विशेष छूट, 31 मार्च तक मिलेगा लाभ
देवास में 'खादी सेवा संकल्प महोत्सव' का शुभारंभ

देवास। खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र को बढ़ावा देने तथा स्वदेशी उत्पादों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘खादी सेवा संकल्प महोत्सव-2026’ के तहत ‘हर घर स्वदेशी’ अभियान के अंतर्गत देवास में तहसील चौराहा स्थित स्थानीय खादी ग्रामोद्योग केंद्र पर उत्पादों पर 20+10 (कुल 30 प्रतिशत) विशेष छूट का लाभ दिया जा रहा है।
विशेष छूट योजना का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि राजेश यादव की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में खादी ने एक नया आयाम प्राप्त किया है। खादी आज केवल वस्त्र नहीं, बल्कि ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ के साथ-साथ ‘डेवलप्ड इंडिया 2047’ के राष्ट्रीय संकल्पों को साकार करने का सशक्त माध्यम बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि खादी लाखों कारीगरों और बुनकरों की आजीविका का साधन होने के साथ-साथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत व सतत विकास का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक खादी एवं स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया।
एम्पोरियम के प्रबंधक शैलेन्द्र व्यास ने बताया कि खादी उत्पादों पर यह विशेष छूट 31 मार्च 2027 तक निरंतर जारी रहेगी।
उन्होंने जानकारी दी कि एम्पोरियम में मध्य प्रदेश के स्थानीय बुनकरों द्वारा तैयार विभिन्न प्रकार के वस्त्र एवं सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इनमें मुख्य रूप से रंगीन कुर्तियां, लेडीज कुर्ते, जैकेट, सिल्क साड़ी, प्रसिद्ध बाग प्रिंट एवं बाटिक प्रिंट के परिधान तथा कोसा साड़ी आदि उत्पाद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र पर शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खादी उत्पादों की उपलब्धता को प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में राजीव खंडेलवाल सहित श्री मांगीलाल, डॉ. गोपाल बिन्नानी, दिनेश श्रीवास, नंद चौहान, शरद जैन, दुष्यंत शर्मा, दिनेश राठौर, अमित सीनग्रह, लव योगी, दिलीप योगी सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।




