बैंक में रुपए जमा करने जा रहे किसान का झोला काटकर उड़ाए 60 हजार, CCTV से पकड़ी गई शातिर महिला आरोपी

हाट बाजार में ब्लेड से झोला काटकर की थी वारदात, उदयनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद की
देवास। उदयनगर के हाट बाजार क्षेत्र में बैंक में राशि जमा कराने जा रहे एक किसान के झोले पर ब्लेड मारकर 60 हजार रुपये चोरी करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी गई पूरी राशि बरामद कर ली है। मामले का खुलासा सीसीटीवी कैमरों की मदद से हुआ, जिनमें आरोपी महिला की संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई थीं।
ट्रैक्टर की किश्त जमा करने बैंक पहुंचा था किसान
पुलिस के अनुसार पीपलपाटी निवासी चम्पालाल यादव 2 जून को अपने ट्रैक्टर की किश्त जमा करने के लिए 60 हजार रुपये लेकर एसबीआई बैंक उदयनगर आया था। बैंक में राशि जमा कराने जाने के दौरान हाट बाजार क्षेत्र में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके झोले को ब्लेड या किसी नुकीली वस्तु से काट दिया और उसमें रखी नकदी चोरी कर ली।
घटना का पता चलने पर फरियादी ने तत्काल थाना उदयनगर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज बने पुलिस के लिए अहम सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) हरनारायण बाथम के मार्गदर्शन और एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस के निर्देशन में थाना प्रभारी विजेन्द्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल और आसपास लगे त्रिनेत्रम अभियान के सीसीटीवी कैमरों तथा बैंक परिसर के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। फुटेज में एक महिला संदिग्ध गतिविधियां करते हुए दिखाई दी, जिसके आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
राजगढ़ जिले की महिला निकली आरोपी
तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान सुधा सिसोदिया निवासी कड़िया सांसी, थाना बोड़ा, जिला राजगढ़ के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार उसकी तलाश शुरू कर दी। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने 9 जून को सलकनपुर, जिला सीहोर में दबिश देकर महिला को हिरासत में लिया और पूछताछ की।
पूरे 60 हजार रुपये बरामद
पुलिस पूछताछ में महिला ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसके कब्जे से चोरी गई पूरी 60 हजार रुपये की राशि बरामद कर जब्त कर ली गई।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस अंधी चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करने और चोरी गई पूरी रकम बरामद करने में उदयनगर थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




