प्रशासनिक

लंबित मांगों को लेकर प्रोग्रेसिव पेंशनर्स संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Share

 

महंगाई राहत, स्वास्थ्य सुविधाओं और एरियर भुगतान सहित विभिन्न मांगों के शीघ्र निराकरण की उठाई मांग

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। प्रोग्रेसिव पेंशनर्स संघ भौंरासा द्वारा पेंशनर्स की विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार हर्षल बहरानी को ज्ञापन सौंपा गया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के लाखों पेंशनर्स की न्यायोचित मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिससे पेंशनर्स एवं उनके परिवारों में निराशा और असंतोष का वातावरण है।

ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र सरकार की तर्ज पर समय पर महंगाई राहत नहीं मिलने और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ नहीं दिए जाने से पेंशनर्स आर्थिक एवं मानसिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। संघ ने मांग की कि मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम की धारा 49(6) को तत्काल समाप्त किया जाए तथा प्रस्तावित कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना में पेंशनर्स पर 4 प्रतिशत प्रीमियम लगाए जाने के प्रावधान पर पुनर्विचार किया जाए। संघ का कहना है कि या तो पेंशनर्स से किसी प्रकार का प्रीमियम न लिया जाए अथवा कर्मचारियों की तुलना में उन्हें अधिक आर्थिक लाभ प्रदान किया जाए।

पेंशनर्स संघ ने यह भी मांग की कि महंगाई राहत और अन्य वित्तीय लाभ समय पर दिए जाएं। वर्तमान में 4, 6, 8 माह अथवा एक वर्ष बाद लाभ दिए जाने से पेंशनर्स को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। ज्ञापन में कोरोना काल का एरियर, छठे वेतनमान का 32 माह का एरियर तथा सातवें वेतनमान का 27 माह का एरियर 6 प्रतिशत ब्याज सहित भुगतान करने की मांग भी की गई। संघ ने उच्च न्यायालय एवं छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के निर्णयों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की देय तिथि से लाभ दिए जाने की मांग दोहराई।

संघ ने यह भी मांग की कि 80 वर्ष की आयु पर मिलने वाला 20 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ 79 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर ही प्रदान किया जाए तथा कर्मचारियों की तरह पेंशनर्स को भी समय पर सभी वित्तीय लाभ उपलब्ध कराए जाएं।

इस अवसर पर प्रोग्रेसिव पेंशनर्स संघ के अध्यक्ष रामनारायण खत्री, सचिव राधेश्याम शर्मा कुलाला, दयाराम यादव, रामकृष्ण चौधरी, बंसीलाल कारपेंटर, चैनालाल मालवीय, राजमल माली, कैलाशचंद्र कुंभकार, सरदार सिंह यादव, रामलाल कुमावत, हीरालाल कुमावत, लालजी राठौर, युसूफ खान पठान, नाथूलाल कलोता, अनोखीलाल राठौर, शकूर खान पठान, रमेश शर्मा, परमानंद कामदार, मांगीलाल चावड़ा, रघुनंदन चौधरी, रमेशचंद्र माली एवं रामेश्वर वर्मा उपस्थित रहे। ज्ञापन का वाचन संघ के सचिव राधेश्याम शर्मा कुलाला द्वारा किया गया।

Back to top button