समय सीमा में राजस्व प्रकरण नहीं निपटाने पर तहसीलदारों पर जुर्माना, भौंरासा CMO को नोटिस

– फार्मर आईडी बनाने में तेजी लाने, तालाबों से अतिक्रमण हटाने और पीएम स्वनिधि योजना में प्रगति लाने के दिए निर्देश
– कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित
देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने समय-सीमा संबंधी समीक्षा बैठक में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। लोक सेवा गारंटी के तहत राजस्व प्रकरणों का समय पर निराकरण नहीं होने पर सतवास और टोंकखुर्द तहसीलदारों पर अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए। वहीं पीएम स्वनिधि योजना में कमजोर प्रगति पर भौंरासा के सीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई।
बैठक में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर प्रिया चंद्रावत, संयुक्त कलेक्टर विशाखा देशमुख सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने “एग्री स्टैक” की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के शत-प्रतिशत किसानों की ‘फार्मर आईडी’ बनाने की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार, आगामी समय में केवल ‘फार्मर आईडी’ के माध्यम से ही किसानों को खाद वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। बिना फार्मर आईडी के किसी भी किसान को खाद प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों और पटवारियों को निर्देशित किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर किसानों को फार्मर आईडी के दूरगामी लाभों के बारे में विस्तार से बताएं। साथ ही उन्हें इस बात से भी अवगत कराया जाए कि भविष्य में खाद की सुचारू उपलब्धता के लिए यह आईडी अनिवार्य है, ताकि समय रहते सभी किसान अपना पंजीयन करा सकें। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी राजस्व अधिकारी समय-सीमा तय कर अपने-अपने क्षेत्रों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में आगामी 12 से 18 तारीख तक जन अभियान शिविरों का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इन शिविरों के सफल संचालन के लिए कार्ययोजना तैयार कर कार्य प्रारंभ करें। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन की लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाना है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जन अभियान शिविरों में रोजगार मेले का आयोजन किया जाए। मेलों के माध्यम से जिले के युवाओं को निजी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। इसके साथ ही सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं और अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत पात्र नागरिकों को मौके पर ही लाभान्वित किया जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जन अभियान शिविरों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाए। स्वरोजगार के लिए ऋण स्वीकृति एवं शासकीय योजनाओं के लिए बैंकों द्वारा विशेष काउंटर लगाए जाए। किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, विभागीय योजनाओं और मृदा स्वास्थ्य की जानकारी देने के लिए कृषि आधारित शिविर लगाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को शिविरों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर स्थलों पर आम जनता के लिए पेयजल, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। शिविरों में प्राप्त होने वाले आवेदनों का शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित किया है कि योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी ब्लॉकों और नगर परिषदों में भी अनिवार्य रूप से आयोजित किया जाए। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि इस वर्ष योग दिवस के कार्यक्रम प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पर्यटन स्थलों का चयन जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, युवाओं और अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ गरिमामय आयोजन की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में अविवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन प्रकरणों की समीक्षा कर निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी तय समय सीमा में अविवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन प्रकरणों का निराकरण करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने लोक सेवा गारंटी अंतर्गत राजस्व प्रकरण समय सीमा से बाहर होने पर तहसील सतवास और टोंकखुर्द पर 250-250 रुपए का अर्थ दंड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात का समय आने वाला है, रास्ता विवाद संबंधित आवेदनों का तत्काल निराकरण करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में “जल गंगा संवर्धन अभियान” की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने अभियान के तहत जल स्रोतों के पुनरुद्धार सहित अभियान के तहत किए जा रहे अन्य कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत चिन्हित किए गए कुएं, बावड़ी, तालाब और नदियों के संरक्षण कार्य को समय सीमा में पूरा करें। अभियान के तहत तालाबों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर ज्यादा से ज्यादा पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। भौंरासा में पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष में सिर्फ एक प्रकरण स्वीकृत होने पर सीएमओ भौंरासा को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शासन की लोक-कल्याणकारी योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री सिंह ने पीओ डूडा को निर्देशित किया कि जिले के सभी नगरीय निकायों की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा करे, ताकि निकाय स्तर पर लंबित प्रकरणों का तुरंत निराकरण हो सके।
कलेक्टर श्री सिंह ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मान धन योजना की विस्तृत समीक्षा कर ज्यादा से ज्यादा पात्र नागरिकों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को योजना का लाभ बताए, जिससे ज्यादा से ज्यादा नागरिक योजना का लाभ ले सके। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की विस्तृत समीक्षा कर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने जल जीवन मिशन अंतर्गत एकल नल-जल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और कहा कि पूर्ण योजनों को शीघ्र हैंड ओवर करें। कलेक्टर श्री सिंह ने जिले की सभी जनपद पंचायतों एवं नगर परिषदों में चल रहे ई-केवाईसी कार्य की समीक्षा की। कलेक्टर ने एक-एक कर सभी नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में ई-केवाईसी की वर्तमान स्थिति को देखा। उन्होंने सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर शत प्रतिशत ई-केवाईसी का कार्य शीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने कृत्रिम गर्भाधान, सेक्स सॉर्टेड सीमेन, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, पीएमएफएमई, पीएम विश्वकर्मा योजना और मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, कुसुम-बी योजना की समीक्षा कर सभी स्वरोजगार योजनाओं में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।




