10वीं-12वीं में 30 प्रतिशत से कम परिणाम वाले शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को शोकाज नोटिस

शिक्षक अपनी शिक्षण शैली को इतना प्रभावी बनाएं कि विद्यार्थी स्वयं उनसे सीखने के लिए उत्सुक रहें- कलेक्टर ऋतुराज सिंह
देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक शासकीय कन्या महारानी चिमना बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवास में आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिले हाई स्कूल एवं उ.मा.वि. स्कूलों के प्राचार्यो उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के वार्षिक परीक्षा परिणामों में आई कमी पर कड़ी अप्रसन्नता व्यक्त की। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने प्रत्येक विद्यालय के प्राचार्य से वन-टू-वन चर्चा की। उन्होंने गत वर्ष के मुकाबले इस वर्ष कम रहे सफलता प्रतिशत का मुख्य कारण पूछा। गत वर्ष की तुलना में परिणाम संतोषजनक न होने पर उन्होंने संबंधित प्राचार्यों पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिये कि शैक्षणिक गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि प्राचार्यों को आत्म-मंथन करना चाहिए कि वे अपने विद्यालय का परीक्षा परिणाम बेहतर क्यों नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षकों को अपने अध्यापन के प्रति समर्पण और रुचि विकसित करनी होगी। शिक्षक अपनी शिक्षण शैली को इतना प्रभावी बनाएँ कि विद्यार्थी स्वयं उनसे सीखने के लिए उत्सुक रहें।
विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार अध्ययन के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे परीक्षा परिणामों में स्वतः सुधार परिलक्षित होगा। शिक्षकों को विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें अपने बच्चों की तरह मानकर उनकी शैक्षणिक कठिनाइयों को दूर करना चाहिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि छात्रों की कॉपियों की नियमित जांच की जाए और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित किया कि प्री-बोर्ड परीक्षाओं के माध्यम से ही कमजोर छात्रों का चिन्हांकन कर उन पर अतिरिक्त मेहनत की जानी चाहिए। उन्होंने आगामी सत्र के लिए सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अब केवल वार्षिक परीक्षा का इंतजार नहीं किया जाएगा। इस सत्र में त्रैमासिक, अर्धवार्षिक एवं प्री-बोर्ड परीक्षाओं की निरंतर समीक्षा की जाएगी। विद्यालय का प्रदर्शन अच्छा नहीं पाये जाने पर विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री सिंह ने 10वीं और 12वीं के वह शासकीय विद्यालय जिनका परीक्षा परिणाम 30 प्रतिशत से कम रहा उन सभी प्राचार्यो को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिये।
कक्षा 10वीं के विद्यालय में 18 विद्यालयों में उमावि चापडा के प्राचार्य, उमावि पटाडी के प्राचार्य, हाईस्कूल अगुरली के प्राचार्य, उमावि नूतन के प्राचार्य, हाई स्कूल डोकाकुई के प्राचार्य, हाईस्कूल कन्या पीपलरावां के प्राचार्य, उमावि बालक हाटपीपल्या के प्राचार्य, हाई स्कूल सेवनियाखुर्द के प्राचार्य, हाई स्कूल पटलावदा की प्राचार्य, हाई स्कूल अमोना टोंकखुर्द के प्राचार्य, उमावि पिपरी के प्राचार्य, हाई स्कूल पर्वतपुरा के प्राचार्य, हाई स्कूल डेहरी के प्राचार्य, हाई स्कूल गोदना के प्राचार्य, हाई स्कूल अगेरा के प्राचार्य, हाई स्कूल घिचलाय के प्राचार्य, उमावि उत्कृष्ट टोंकखुर्द के प्राचार्य, उमावि पीपलरावां के प्राचार्य को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिले के कक्षा 12 वीं के विद्यालय जिनका परीक्षा परिणाम 30 प्रतिशत से कम रहा उसमें उमावि. नूतन देवास के प्राचार्य, उमावि सतवास की प्राचार्या, उमावि पानीगांव के प्राचार्य, उमावि पीपलरावां के प्राचार्य को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सत्र 2025-26 का परीक्षा परिणाम, न्यायालयीन प्रकरणों के निराकरण, विकासखंड स्तर पर सत्र 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में प्राप्त बजट के विरुद्ध शाला मरम्मत और क्रय सामग्री के सत्यापन की समीक्षा की। विद्यालयों से संबंधित समस्त कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी कलेक्टर श्री सिंह द्वारा दिए गए।
कलेक्टर श्री सिंह ने विकासखंड स्तर पर जर्जर भवनों में शाला संचालन की स्थिति की समीक्षा कर विद्यालय के जीर्णोधार के लिए आवांटित बजट द्वारा किए कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यालय में किए गए सभी कार्यों को प्रत्यक्ष रूप से विद्यालय में जाकर निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों के वेतन, एरियर आदि के भुगतान, विकासखंड स्तर पर जर्जर भवनों में शाला संचालन की स्थिति और उनके स्थान अन्य विकल्प, अपार आईडी और आधार केंद्र के संचालन की समीक्षा। यूडीआईएसई में स्टूडेंट प्रोग्रेशन, शाला स्तर पर पुस्तक वितरण, साइकिल वितरण, सीएम हेल्पलाइन के निराकरण, ई-अटेंडेंस की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
बैठक के दौरान टी.ए.सी.सी. लिमिटेड सिरसोदा जिला देवास के द्वारा विकासखण्ड देवास, बागली, टोंकखुर्द, सोनकच्छ, कन्नौद में स्थित केजीबीव्ही छात्रावास में 2 कम्प्यूटर सेट एवं विकासखण्ड खातेगांव केजीबीव्ही छात्रावास में 01 कम्प्यूटर सेट कलेक्टर श्री सिंह की उपस्थिति में छात्राओं के लिए प्रदान किये गये।





