गौशाला का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल, गौ सेवक ने की पुलिस से कार्रवाई की मांग

देवास (ओमप्रकाश सेन)। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर नया विवाद सामने आया है।
गो सेवा से जुड़े एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उनकी अनुमति के बिना घर और गौशाला का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शहर के सिविल लाइन क्षेत्र निवासी एवं गौ सेवक राजेंद्र वर्मा ने थाना सिविल लाइन में लिखित आवेदन देकर सोशल मीडिया पर वायरल किए गए एक वीडियो की जांच कराने तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में राजेंद्र वर्मा ने बताया कि एक व्यक्ति उनके निवास एवं गौशाला पर पहुंचा और बिना किसी अनुमति के वीडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद उक्त वीडियो को फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर दिया गया। उनका आरोप है कि वीडियो में उनके संबंध में भ्रामक, तथ्यहीन और एकतरफा जानकारी प्रस्तुत की गई, जिससे उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हुई है।
फरियादी के अनुसार वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर अनेक आपत्तिजनक एवं नकारात्मक टिप्पणियां सामने आईं, जिसके कारण उन्हें और उनके परिवार को मानसिक तनाव तथा सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजेंद्र वर्मा ने पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर वीडियो प्रसारित करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाए तथा सोशल मीडिया से वीडियो हटवाने की प्रक्रिया भी की जाए।
इधर, थाना सिविल लाइन पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले को जांच में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




