पुरुषोत्तम मास में भक्ति की गंगा, रलायती में 24 घंटे की सक्ताजी का हुआ आयोजन

सोनकच्छ (विजेंद्रसिंह ठाकुर)। समीपस्थ ग्राम रलायती में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ 24 घंटे की सक्ताजी का आयोजन किया गया। आयोजन के दौरान गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा में शामिल हुए।

शाम को हनुमान मंदिर परिसर में एक दिवसीय देव नारायण कथा का आयोजन किया गया, जिसमें कथावाचक राजपाल भगत ने अपने मुखारविंद से कथा का वाचन किया। कथा सुनने के लिए आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचे।
इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने प्रसादी ग्रहण की। रातभर भजन-कीर्तन और जागरण का दौर चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूबा नजर आया।

ग्रामीणों के अनुसार यह आयोजन मटकी और नारियल की सर्वाधिक बोली लगाने वाले भक्त की ओर से कराया जाता है। मान्यता है कि जिसकी मनोकामना पूर्ण होती है, वही श्रद्धापूर्वक इस धार्मिक आयोजन का जिम्मा उठाता है। इस संबंध में जानकारी मीडिया प्रभारी जयपाल सिंह द्वारा दी गई।




