क्राइम
Dewas में भीषण सड़क हादसा: रतलाम जिले के दो सहायक सचिवों की मौत
भोपाल जा रहे थे महासम्मेलन में शामिल होने

Mp news देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रतलाम जिले के दो सहायक सचिवों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा अमलतास अस्पताल के पास ब्रिज पर हुआ, जहां पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। सहायक सचिव भोपाल में आयोजित होने वाले महासम्मेलन में शामिल होने जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रतलाम जिले के सहायक सचिव मंगलवार रात दो वाहनों में सवार होकर भोपाल के लिए रवाना हुए थे। देर रात करीब दो बजे उज्जैन रोड टोल और अमलतास अस्पताल के पास उनका टैम्पो ट्रैक्स वाहन हादसे का शिकार हो गया।
बताया जा रहा है कि उज्जैन रोड टोल पार करने के बाद वाहन चालक गलती से देवास की ओर जाने वाले मार्ग की बजाय सीधे ब्रिज पर चढ़ते हुए इंदौर रूट पर पहुंच गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन सड़क से करीब 15 फीट दूर खेत में जा गिरा।
हादसे में वाहन में पीछे बैठे सहायक सचिव हुरजी मेड़ा और लखन कमोदिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार दो अन्य सहायक सचिव गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद पीछे आ रही दूसरी कार में सवार साथियों ने घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उन्हें तत्काल अमलतास अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दो सहायक सचिवों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों का इलाज जारी है।
घटना के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मृतकों के परिजन भी पहुंचे। परिजनों का कहना है कि यदि वाहन सही मार्ग पर निकल जाता तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।
मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता की घोषणा की-
इस दुखद घटना पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि भोपाल में आयोजित ‘ग्राम रोजगार सहायकों के महापर्व एवं राज्य स्तरीय महा सम्मेलन’ में शामिल होने आ रहे दो रोजगार सहायक सचिवों की सड़क दुघर्टना में मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है।
इस दुखद घटना पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि भोपाल में आयोजित ‘ग्राम रोजगार सहायकों के महापर्व एवं राज्य स्तरीय महा सम्मेलन’ में शामिल होने आ रहे दो रोजगार सहायक सचिवों की सड़क दुघर्टना में मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है।
बाबा महाकाल से दिवंगतों के मोक्ष एवं घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। मृतकों के परिवारजनों को 10-10 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए देने के निर्देश दिए।




