प्रशासनिक

एमआरपी से अधिक में बेची कोल्डड्रिंक की बोतल

Share

 

– उपभोक्ता की शिकायत पर नापतौल विभाग ने की कार्रवाई, ऑनलाइन पेमेंट बना सबूत

देवास। नेवरी फाटा क्षेत्र में एक दुकानदार द्वारा उपभोक्ता से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने का मामला सामने आया है। खास बात यह रही कि उपभोक्ता द्वारा किया गया ऑनलाइन पेमेंट ही कार्रवाई का मजबूत आधार बना, जिसके बाद नापतौल विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

देवास जिले के नेवरी फाटा स्थित एक दुकान पर उपभोक्ता के साथ ओवरचार्जिंग का मामला उजागर हुआ है। जानकारी के अनुसार, दुकानदार ने 35 रुपए की माजा बोतल के बदले उपभोक्ता से 40 रुपए वसूल लिए। उपभोक्ता ने यह भुगतान फोन पे के माध्यम से ऑनलाइन किया, जिससे लेन-देन का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध हो गया।

👉 अगर आप भी कोल्ड ड्रिंक पीते हैं, तो पहले ये जरूर पढ़ें – कोल्ड ड्रिंक vs देसी पेय – कौन है ज्यादा हेल्दी?

जागरूक उपभोक्ता ने इसकी राष्ट्रीय उपभोक्ता सहायता नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही नापतौल निरीक्षक श्याम दुबे अपनी टीम के साथ संबंधित दुकान पर पहुंचे और जांच की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता उपभोक्ता भी साथ था।

जांच के दौरान प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर पैक बंद वस्तु नियम 2011 के नियम 18 (2) के तहत दुकानदार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में ऑनलाइन पेमेंट की रसीद महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सामने आई। इधर दुकानदार ने नापतौल विभाग की इस कार्रवाई में सहयोग नहीं किया। प्रकरण में हस्ताक्षर करने से भी इंकार किया, जिससे असहज स्थिति उत्पन्न हुई।

नापतौल निरीक्षक श्री दुबे ने बताया, कि किसी भी दुकानदार को प्रिंटेड अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक पर सामान बेचने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद क्षेत्र में खासकर कोल्ड ड्रिंक की बोतलों को एमआरपी से अधिक दाम पर बेचने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।

उन्होंने स्पष्ट कहा, कि विभाग इस तरह के मामलों में सख्ती से कार्रवाई कर रहा है और आगे भी निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे खरीदारी के दौरान रसीद अवश्य लें और यदि उनसे अधिक कीमत वसूली जाए तो तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

उपभोक्ताओं के लिए संदेश-
यह मामला इस बात का उदाहरण है कि जागरूकता और डिजिटल पेमेंट आज उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं। यदि उपभोक्ता सतर्क रहें और गलत के खिलाफ आवाज उठाएं, तो ऐसी अनियमितताओं पर आसानी से रोक लगाई जा सकती है।

👉 गर्मी में ठंडक पाने के लिए लोग क्या पीते हैं, लेकिन असली फायदा इसमें है – गन्ने का रस पीने के जबरदस्त फायदे

Back to top button