ऑपरेशन प्रहार: 1.3 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, नशा तस्करों पर देवास पुलिस का शिकंजा कसा

देवास। जिले में नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम अब तेज होती नजर आ रही है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देवास पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध गांजा तस्करी में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि पुलिस को यह सफलता मुखबिर की सूचना और तेजी से की गई कार्रवाई के चलते मिली, जिससे नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना औद्योगिक क्षेत्र को दुर्गानगर इलाके में एक व्यक्ति द्वारा अवैध मादक पदार्थ ले जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने तुरंत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
देवास पुलिस नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। हाल ही में ऑपरेशन “प्रहार” में बड़ा वार करते हुए ब्राउन शुगर के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया (👉 पूरी खबर पढ़ें)।
टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी लक्ष्मण देवड़ा (36 वर्ष) निवासी दुर्गानगर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 1.320 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब ₹15,000 आंकी गई है, बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 08/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, जिससे सप्लाई चेन में जुड़े अन्य आरोपियों का भी खुलासा होने की संभावना है।
नारको हेल्पलाइन बनी जनता का भरोसा-
देवास पुलिस द्वारा 2 अप्रैल 2026 को जारी किया गया नारको हेल्पलाइन नंबर 9479996880 अब नशे के खिलाफ लड़ाई में अहम हथियार साबित हो रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसी विश्वास के चलते अब तक इस हेल्पलाइन के जरिए मिली सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए 6 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं और 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इनकी रही अहम भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया, उप निरीक्षक गणेशराम बामनिया, आरक्षक अजय जाट, राबी यादव और मयूर श्रीवास की सराहनीय भूमिका रही। देवास पुलिस की यह लगातार कार्रवाई साफ संकेत दे रही है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम जारी रहेंगे।




