क्राइम

ऑपरेशन “प्रहार” में देवास पुलिस का बड़ा वार, ब्राउन शुगर के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

Share

 

20 ग्राम से ज्यादा ब्राउन शुगर जब्त, हेल्पलाइन से मिली सूचना पर हुई कार्रवाई

देवास। पुलिस ने नशे के कारोबार पर एक और करारा प्रहार करते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुखबिर की सटीक सूचना पर सोनकच्छ क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने दो आरोपियों को ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1 लाख रुपये आंकी गई है।

देवास में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जारी हेल्पलाइन नंबर 9479996880 पर मिली गोपनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

थाना सोनकच्छ पुलिस को सूचना मिली थी कि खरपड़ी-धतुरिया रोड पुलिया के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थ बेच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और एसडीओपी दीपा माण्डवे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अजय सिंह गुर्जर के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी बाबूलाल गुर्जर (55) और सागर देलनिया (19) को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 20.62 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये है। साथ ही 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

अभियान का असर:
देवास पुलिस द्वारा 2 अप्रैल 2026 से शुरू की गई नारको हेल्पलाइन पर लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। अब तक इस नंबर पर मिली सूचनाओं के आधार पर 3 प्रकरण दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस की अपील:
देवास पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की किसी भी जानकारी को हेल्पलाइन नंबर 9479996880 पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

 

Back to top button