ऑपरेशन हवालात: डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो और आरोपी गिरफ्तार – अब तक 5 आरोपी सलाखों के पीछे

देवास। जिले में लगातार बढ़ रही डीजल चोरी की वारदातों पर लगाम कसते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। “ऑपरेशन हवालात” के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद अब तक इस गिरोह के कुल 5 सदस्य पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशन में 1 नवंबर 2024 से शुरू किए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन हवालात” का उद्देश्य जिले में फरार अपराधियों की धरपकड़ और संगठित अपराधों पर रोक लगाना है। इसी अभियान के तहत पहले ही पुलिस ने ग्राम दुपाड़ा (जिला शाजापुर) में दबिश देकर तीन आरोपियों क्रिश मालवीय, आबिद मेव और अनिल चावरे को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
इस मामले में दो अन्य आरोपी समीर मेव (28 वर्ष) और धर्मेंद्र फुलेरिया (22 वर्ष), निवासी ग्राम दुपाड़ा लगातार पुलिस से बचते फिर रहे थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीरसिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 19 अप्रैल को दोनों फरार आरोपियों को उनके गांव से दबोच लिया।
✅ “ऑपरेशन त्रिनेत्रम के CCTV से बैटरी चोर गिरफ्तार” मामले में 24 घंटे के भीतर आरोपी पकड़ा गया
गिरफ्तारी के बाद पुलिस रिमांड पर लेकर आरोपियों से गहन पूछताछ की गई, जिसमें चोरी किया गया डीजल भी बरामद किया गया है। पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
रात के अंधेरे में चलता था गैंग का नेटवर्क-
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह रात के समय अपने गांव दुपाड़ा से निकलकर उज्जैन, देवास, इंदौर, पीथमपुर और धार जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में सक्रिय रहता था। इतना ही नहीं, गिरोह के तार छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र तक फैले हुए हैं। आरोपी चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए लग्जरी कारों का इस्तेमाल करते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
गांव में सक्रिय है गैंग
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि ग्राम दुपाड़ा में डीजल चोरी करने वाले कई संगठित गिरोह सक्रिय हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस अब इन सभी नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस प्रकरण में अभी भी कुछ सह-आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का सफाया कर दिया जाएगा।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के साथ प्र.आर. मोहनलाल वसुनिया, प्र.आर. शैलेन्द्र राणा, आरक्षक अजय जाट, नरेन्द्र सिरसाम, अर्पित जायसवाल और लक्ष्मीकांत शर्मा की सराहनीय भूमिका रही। देवास पुलिस का संदेश साफ है अपराधियों के हर नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।




