धर्म-अध्यात्म

नराना में आस्था का सैलाब: सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन

Share

 

भंडारे में उमड़ा जनसमूह, शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। ग्राम नराना स्थित श्री पितरेश्वर महादेव परिसर में 4 अप्रैल से 10 अप्रैल तक संस्था नमामि एवं ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ समापन हुआ।

सप्ताहभर चले इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। समापन दिवस पर कथा स्थल पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां संत गोविंद जाने के मुखारविंद से धर्म, संस्कार और सदाचार का संदेश दिया गया।

यह आयोजन संत श्री मनोहरदास त्यागी की प्रेरणा एवं पुरोहित संतोष मेहता के सात दिनों तक मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कथा के अंतिम दिन पूरे ग्राम में कलश यात्रा एवं चल समारोह निकाला गया। यजमानों ने श्रीमद्भागवत जी को सिर पर रखकर पूरे गांव में शोभायात्रा निकाली।

वहीं संतश्री एवं पुरोहित संतोष मेहता को बग्गी में विराजित कर चल समारोह निकाला गया। महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर यात्रा में सहभागिता की, जिससे पूरा ग्राम जयकारों और भजन-कीर्तन से गूंज उठा।
समापन अवसर पर महाआरती के पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम नराना सहित आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और प्रसादी ग्रहण की। आयोजन समिति, ग्रामवासियों एवं युवाओं ने सेवा भाव से पंगत में भोजन प्रसाद वितरित किया।
इस भंडारे एवं चल समारोह में क्षेत्र भर से नेतागण भी पहुंचे, जिसमें जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह तालोद,सोनकच्छ जनपद अध्यक्ष सूरजसिंह ठाकुर, विजय परमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेशचंद्र गुर्जर, जिला कांग्रेस महामंत्री दिलीप यादव, रजापुर दरबार, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मोडरिया, भौरासा नगर परिषद उपाध्यक्ष जयसिंह राणा सहित आसपास क्षेत्र भर से नेता सहित गणमान्य लोग भी पहुंचे।

Back to top button